भावलखेड़ा की ग्राम पंचायत नौसिया के पास सिवई नाले की टूटी पुलिया। संवाद
सेहरामऊ दक्षिणी। भावलखेड़ा ब्लॉक की ग्राम पंचायत नौसिया के पास से निकले सिवई नाले पर बनी पुरानी पुलिया ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईएस) के तोड़ने के बाद वहां नई पुलिया का निर्माण अब तक नहीं कराया गया है। इस कारण कई गांवों के राहगीरों के अलावा छात्र-छात्राएं गंदे पानी से होकर निकलने के लिए मजबूर हैं।
इसी ग्राम पंचायत के मजरा गौंटिया में स्थित दो इंटरमीडिएट कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं इसी नाले से होकर आते-जाते हैं। नाले की दूसरी तरफ बसे आटा खुर्द, गोरियां, रायपुर, फिरोजपुर आदि गांवों के लोगों का आवागमन भी यहीं से होता है। इन गांवों में रहने वाले सतीश चंद्र, शैलेंद्र, अनिल कुमार, राकेश, दिलशाद ,अवनीश, राम लखन यादव आदि ने मुख्य विकास अधिकारी को प्रार्थनापत्र भेज कर बच्चों की पढ़ाई में बाधक बनी पुलिया जल्द बनवाने की मांग की है। उनका कहना है कि जरा-सी चूक होने पर पानी से भरे करीब 20 फुट गहरे नाले में बच्चे गिर भी सकते हैं।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता उदय प्रकाश के अनुसार पुलिया बनवाने के लिए वह कई बार पंपसेट से नाले का पानी निकलवा चुके हैं, लेकिन कुछ ग्रामीण धान के खेतों में नहर से सिंचाई के बाद उसका पानी नाले की ओर मोड़ देते हैं। उनका कहना है कि पुलिया जल्द बनवाने का प्रयास किया जा रहा है।