पुवायां (शाहजहांपुर)। शाहजहांपुर से खुटार जा रहा टेंपो शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर गांव भूड़ा मैनारी के पास बग्घी बचाने के फेर में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में आईटीआई के एक छात्र की मौत हो गई और छह सवारियां घायल हो गईं। घायलों काे सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
शाहजहांपुर से एक टेंपो सवारियां लेकर खुटार जा रहा था। टेंपो में पुवायां के ग्राम बड़ागांव निवासी नीरज का 18 वर्षीय पुत्र रितिक, उसके चाचा रवि, चाची पूनम, भाई शिवा, श्रेयांश, सुभाषनगर गौटियां निवासी राकेश कुमार, विजय कुमार, खुटार के मोहल्ला पश्चिमी गढ़ी निवासी संतकुमार की पत्नी संगीता और पुत्र बिरजू बैठे थे।
रविवार रात आठ बजे भूड़ा मैनारी के पास बग्घी को बचाने के चक्कर में टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। उसमें बैठी सवारियों में चीख-पुकार मच गई। टेंपो में बैठे सवारियों को बाहर निकाला गया। घायल रितिक, संगीता देवी, बिरजू, रवि कुमार, विजय और राकेश को सीएचसी भिजवाया गया। यहां डॉक्टर ने रितिक की हालत गंभीर होने के कारण मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान रितिक की मौत हो गई।
रितिक शाहजहांपुर के एक कॉलेज से आईटीआई की पढ़ाई कर रहा था। उसके बाबा रामखिलाैना बीमारी के चलते शाहजहांपुर के एक अस्पताल में भर्ती हैं इसीलिए वह अपने परिजनों के साथ उन्हें देखने के लिए गया था। वापस घर आते समय गांव से एक किलोमीटर पहले ही हादसा हो गया। रितिक की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
हाईवे पर हादसा...पुलिस को नहीं हो सकी जानकारी
भूड़ा मैनारी के पास हाईवे पर हुआ हादसा कोई पहला नहीं है। इससे पहले भी इसी क्षेत्र में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और तमाम लोगों की मौत हो चुकी है। 30 अप्रैल को निगोही कसबा के मोहल्ला रामनगर बगिया निवासी अरुण कुमार, उनकी पत्नी सीमा देवी, पुत्री दीक्षा और पुत्र नैतिक की बोलेराे गाड़ी की टक्कर से मौत हो चुकी है। जिले में पुलिस की ओर से हाईवे पर हादसों को रोकने के लिए अभियान चलाकर चेकिंग की जा रही है इसके बावजूद हादसे कम नहीं हो रहे हैं। रविवार रात आठ बजे हाईवे पर हादसा होने से छह से अधिक लोगों के घायल होने और एक छात्र की मौत के मामले में पुलिस को कोई जानकारी नहीं हो सकी। अस्पताल में रितिक की मौत के बाद जब मेमो थाने पहुंचा तो पुलिस को जानकारी हुई। बड़ागांव चौकी प्रभारी साक्षी त्यागी के अनुसार टेंपो पलटने से हादसा हुआ है। यह पता नहीं लग सका है कि हादसा कैसे हुआ। रात में कोई जानकारी नहीं मिली थी। परिजनों ने घायलों को भर्ती करा दिया था। थाना प्रभारी आरके रावत ने बताया कि पहले पता लगा कि बाइक और टेंपो में टक्कर हुई है। बाद में जानकारी हुई कि टेंपो पलट गया। घायलों के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
-
23 घंटे में घटनास्थल की जांच कर सकी पुलिस
भूड़ा मैनारी के पास हुए हादसे में छात्र रितिक की मौत पर पुलिस को जानकारी नहीं मिलने की सूचना पर सीओ प्रवीण मलिक ने नाराजगी जताई। इसके बाद बड़ागांव चौकी पुलिस 23 घंटे बाद सोमवार शाम सात बजे जांच करने मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी आरके रावत ने बताया कि घटनास्थल सिंधौली थाना क्षेत्र का निकला है। वहीं से आगे की कार्रवाई होगी।
-
पुलिस को हादसे की जानकारी नहीं होने के मामले की जांच कराई जाएगी। हाईवे पर पेट्रोलिंग टीम से भी जानकारी कराई जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय होगी।
-प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां
ग्राम बड़ागांव निवासी मृतक रितिक का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन