तिलहर। सरकार की ई-पंजीकरण व्यवस्था के खिलाफ सोमवार को तहसील बार संघ परिसर में वकीलों ने स्टाल लगाया और झालमुड़ी बेचकर विरोध जताया। इससे पहले, वकीलों ने स्टांप वेंडरों और दस्तावेज लेखकों के साथ बैठक की। इस मौके पर बार के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह यादव और महामंत्री राहुल देव सागर ने कहा कि ई-पंजीकरण व्यवस्था लागू होने से अधिवक्ताओं, स्टांप वेंडरों और दस्तावेज लेखकों के सामने रोजगार का संकट पैदा हो जाएगा। इसलिए इस व्यवस्था पर पुनर्विचार कर इसे वापस लें। इस दौरान दोदराम कुशवाहा, जय ओम गंगवार, कुलदीप गुप्ता, राजीव कुमार सिंह, अरविंद कुमार, कुलेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।
जलालाबाद। अधिवक्ताओं सहित इस कार्य से जुड़े अन्य लोगों की हड़ताल सोमवार को 17वें दिन भी जारी रही। इस दौरान आंदोलनकारियों ने सामूहिक धरना प्रदर्शन कर शासन के खिलाफ नारेबाजी की। धरनास्थल पर मौजूद तहसील बार संघ के अध्यक्ष अनिल पाठक और महासचिव अमित परमार ने कहा कि वकील समुदाय सरकार को यह व्यवस्था वापस लेने के लिए मजबूर कर देगा। संवाद