देवकली। गांव के आसपास घूमने वाले छ्ट्टा पशुओं ने सोमवार की रात कई किसानों के खेतो में घुसकर करीब नौ बीघा गेहूं की फसल रौंद कर नष्ट कर डाली। मंगलवार को सुबह खेताें की देखभाल करने गए किसानों ने फसलों की बरर्बादी काे देखा तो उनका कलेजा बैठ गया। परेशान किसानों ने प्रशासन से छुट्टा पशुओं को जल्द पकड़वाए जाने की मांग की है।
रनमस्तपुर बुजुर्ग गांव के किसान गुड्डू का बंडा-देवकली मार्ग पर नौ बीघा खेत है। उनके खेत में गेहूं की फसल तैयार हो रही थी। फसल की सुरक्षा के लिए खेत मालिक ने कंटीले तारों की बाड़ भी लगाई है। सोमवार की रात छुट्टा पशुओं का झुंड तार तोड़कर खेत के अंदर घुस गया। पशुओं ने चरने के अलावा बाकी फसल कुचलकर नष्ट कर दी। गुड्डू समेत रमेश, सरोज वर्मा, अरविंद वर्मा आदि किसानों ने बताया कि छुट्टा पशुओं को पकड़े नहीं जाने से उनकी संख्या काफी बढ़ गई है और रोजाना किसी न किसी खेत में घुसकर फसल चौपट कर रहे हैं। संवाद