शाहजहांपुर। कलक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा, परिवहन सुरक्षा और विद्यालय सुरक्षा समिति की बैठक हुई। डीएम ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग और प्रमुख जनपदीय मार्गों पर बने अवैध कट तत्काल बंद कराए जाएं। साथ ही आवश्यक स्थानों पर संकेतक लगाए जाएं।
डीएम ने बताया कि सितंबर 2025 की तुलना में सितंबर 2026 में जिले में सड़क दुर्घटनाओं में चार प्रतिशत और मृतकों की संख्या में 40 प्रतिशत कमी आई है। उन्होंने दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर अटसलिया से बरेली मोड़ तक सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। गत माह बंडा, खुटार, कांट और जलालाबाद क्षेत्रों में अधिक दुर्घटनाएं होने पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को इनके कारणों का पता लगाकर सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। दुर्घटना संभावित स्थलों पर स्पीड ब्रेकर, जेब्रा क्रॉसिंग, चेतावनी संकेतक और गति सीमा बोर्ड लगाने के लिए कहा। बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। संवाद