एसपी देहात दीक्षा भावरे अरुण ने दी जानकारी
- फोटो : संवाद
शाहजहांपुर में सौतेली बेटी से पिछले तीन वर्षों से दुष्कर्म करने के आरोपी 36 वर्षीय युवक की पुलिस हिरासत में मौत हो गई। उसे पूछताछ के लिए रविवार को थाने बुलाया गया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से उसकी मौत होना सामने आया है।
रविवार को थाने पहुंची 17 वर्षीय किशोरी ने प्रार्थनापत्र देकर बताया था कि उसका सौतेला पिता उससे तीन साल से दुष्कर्म करता आ रहा है। इसमें उसकी मां भी सहयोग करती थी। बीते 28 अप्रैल को किशोरी का विवाह हो गया, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने उसकी ससुराल पहुंचकर जबरन संबंध बनाए। पीड़िता ने जब यह बात अपने पति को बताई, तो दोनों ने मिलकर सिंधौली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
रात करीब एक बजे बिगड़ी थी तबीयत
किशोरी के प्रार्थनापत्र पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद शाम करीब चार बजे आरोपी को थाने बुलाया। गंभीर आरोपों के चलते उसे रात में भी हिरासत में रखा गया। पुलिस के अनुसार, रात करीब एक बजे आरोपी ने घबराहट की शिकायत की। पुलिस उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां हाई ब्लड प्रेशर (उच्च रक्तचाप) के कारण उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।