शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र में गांव मौजमपुर के पास नेशनल हाईवे पर जनरथ बस अनियंत्रित हो गई। स्टेयरिंग फेल होने के कारण चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को रोड से खेत की ओर उतार दिया। यात्री बाल-बाल बच गए। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने यात्रियों को दूसरी बस से रवाना कराया।
कानपुर से मेरठ जा रही जनरथ बस सोमवार दोपहर डेढ़ बजे नेशनल हाईवे पर मौजमपुर के पास पहुंची थी। बस को राजेंद्र चला रहे थे जबकि परिचालक संजीव थे। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। बस का स्टेयरिंग फेल हो गया। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत ही रोड के किनारे खेत की ओर बस को उतार दिया। तेज गति से बस आगे की ओर पोल से टकराकर रुक गई। इस बीच यात्री भी नीचे उतर आए। कुछ को ही मामूली चोटें आई थी। आसपास के लोगों ने तुरंत ही पुलिस को सूचना दी। चौकी इंचार्ज राकेश मौर्या पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालक से पूछताछ की। दूसरी बस को रुकवाकर यात्रियों को रवाना कराया।
पोल ने बचा ली बड़ी घटना
इन दिनों हाईवे पर बोर्ड लगाने का काम चल रहा। उसके बड़े-बड़े पोल सड़क के कुछ दूरी पर पड़े हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शी विजय सिंह बताते हैं कि अनियंत्रित बस तेज गति से रोड से नीचे उतरी तो पोल से जाकर टकराकर रुक गई। अन्यथा आगे गड्ढे में गिरने से तमाम यात्री चोटिल हो सकते थे।