शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में पिकअप में भरा सर्जिकल का सामान चोरी के मामले की तीन दिन के बाद जांच पूरी नहीं हो सकी है। बुधवार को जांच कमेटी ने चीफ फार्मासिस्ट समेत फार्मेसी विभाग के अन्य कर्मियों के बयान दर्ज किए। पिकअप को पकड़ने वाले सिक्योरिटी गार्ड के बृहस्पतिवार को बयान होंगे।
शनिवार को ट्रामा सेंटर के सामने सर्जिकल के सामान से भरी पिकअप को सुरक्षा कर्मियों ने पकड़ा था। चोरी के प्रयास की विभागीय जांच कमेटी गठित कर तीन दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। डॉक्टरों के अपने काम में उलझने के चलते तय समय में जांच पूरी नहीं हो सकी है। बृहस्पतिवार को जांच कमेटी के सदस्यों ने फार्मेसी विभाग में पूर्व में कार्यरत रहे चीफ फार्मासिस्ट, फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वॉय समेत अन्य के बयान दर्ज किए। वहीं बृहस्पतिवार को पिकअप पकड़ने वाले सिक्योरिटी गार्ड के बयान भी होंगे। प्राचार्य डॉ.राजेश कुमार ने बताया कि कमेटी के अनुरोध पर जांच के लिए दो दिन का समय अतिरिक्त दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।