तिलहर। निर्माणाधीन तिलहर निगोही स्टेट हाईवे पर गांव नवदिया धूसर और डभौरा के समीप सड़क पर गड्ढे और उनमें जलभराव होने से आवागमन में लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। तमाम लोग गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन संबंधित अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
तिलहर रेलवे स्टेशन के सामने से निगोही को जाने वाला 22 किमी मार्ग स्टेट हाईवे घोषित किया जा चुका है। इस मार्ग सहित तीन मार्गों के लिए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर 25 करोड़ रुपये अवमुक्त कर दिया है। सड़क चौड़ीकरण का कार्य लगभग 50 प्रतिशत पूरा कर लिया है, लेकिन गांव डभौरा और नवादिया धूसर के सामने सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और नालियों का गंदा पानी लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। इस मार्ग पर भारी संख्या में वाहनों का आना-जाना है। दर्जनों गांव के लोग इस मार्ग से तिलहर तहसील मुख्यालय आते-जाते हैं। सड़क के गड्ढों में भरे पानी के कारण तमाम लोगों की बाइकें पानी में फिसलकर गिर चुकी हैं और कई लोग घायल भी हो चुके हैं। इससे लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित अधिकारी पहले इन गड्ढों को भरने का काम करें।
तिलहर से निगोही सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है। आधे से अधिक कार्य पूरा कर लिया गया है। डभौरा और नवदिया धूसर के पास जलभराव की समस्या नालियां बनने के साथ समाप्त हो जाएंगी। डभौरा के पास नाली बनाने का काम जारी है। इसके बाद नवदिया में काम शुरू किया जाएगा। लोगों को समस्या से शीघ्र निजात मिल जाएगी।
-एसपी पांडेय, अवर अभियंता, लोक निर्माण विभाग शाहजहांपुर