क्षेत्र के गांव धर्मपुर की एक गली में कई दिनों से पानी भरा है। शिकायत के बावजूद ग्राम प्रधान के इस ओर कोई ध्यान न देने से नाराज ग्रामीणों ने पानी में खड़े होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। बता दें कि यह खड़ंजा मेन रोड से फतेहगंज जाता है। इस मार्ग पर नाली न होने से लगभग सौ मीटर तक गली में गंदा पानी भरा हुआ है। इससे लोगों का इधर से निकलना मुश्किल है। बीमारियां पैदा होने की भी आशंका बनी हुई है। जलभराव से नत्थू के घर की दीवार भी गिर गई है। अब पानी उनके घर में भी भर गया है। परेशान नत्थू को घर छोड़कर दूसरी जगह रहना पड़ रहा है। गांव के राधेश्याम, संजय, नन्ही देवी, बेलवती, दिनेश, रामेंद्र, हाकिम, रमेश, नन्हे लाल, शारदा देवी, मुरली आदि ने कहा कि अगर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।