बीएसए राकेश कुमार और उनके द्वारा गठित टीमों ने सोमवार को विकास खंड निगोही के परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं अनुपस्थित पाए गए। एक स्कूल में पूरा स्टाफ ही नदारद पाया गया। बीएसए ने इस स्कूल के पूरे स्टाफ को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी किया है।
बीएसए राकेश कुमार ने बताया कि स्कूलों में शिक्षक-शिक्षिकाओं के नहीं पहुंचने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन शिकायतों को डीएम ने गंभीरता से लिया। इसी कड़ी में सोमवार को निगोही क्षेत्र के स्कूलों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। निरीक्षण में प्राथमिक विद्यालय चकौरा पूर्वी में रजनीश मिश्रा, मुड़िया सभा में संगीता देवी, बरौरा में ऋतु, सकतिया बहादुरपुर में विनीता भारती, खेड़ा संडा में मुनीशा देवी, उच्च प्राथमिक स्कूल पिरासिन में गीता देवी, महमदपुर में रजिया, प्राथमिक स्कूल बिरहना में मीरा देवी, उच्च प्राथमिक स्कूल पतराजपुर में रामवीर और रश्मि सक्सेना, खिरिया पश्चिमी में शिक्षक दुर्गा प्रसाद बिना किसी सूचना अथवा प्रार्थना पत्र के अनुपस्थित मिले।
इसके अलावा प्राथमिक स्कूल पतराजपुर निरीक्षण के दौरान बंद पाया गया। बीएसए ने इसे गंभीर मामला मानते हुए स्कूल में तैनात प्रधान अध्यापक सुषमा देवी, सहायक अध्यापिका पूनम देवी, बेलावती और शशि देवी को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी किया हैै और स्पष्टीकरण भी मांगा है। शेष अन्य अनुपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं का अग्रिम आदेशों तक एक दिन का वेतन रोकने का आदेश पारित किया है।