शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को तहसील स्तर पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन एवं हल्ला बोल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, स्वास्थ्य सेवाओं में अनियमितता, सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार, किसानों, छात्रों, नौजवानों की समस्याओं, निजीकरण, गुंडागर्दी, घोटालों के खिलाफ प्रदर्शन हुआ। बाद में डीएम के माध्यम से प्रेषित राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया।
सदर तहसील में सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में इस समय अराजकता का माहौल है। कोरोना संक्रमण बढ़ता जा रहा है और अस्पतालों में इलाज की सुचारु व्यवस्था नहीं है। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। सपा एमएलसी अमित यादव ने कहा कि किसान बदहाली के शिकार हैं। नौजवान बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। युवाओं को रोजगार देने और राज्य में पूंजी निवेश के झूठे दावे किए जा रहे हैं। बुनकरों को पुराने बकाया के नाम पर भी प्रताड़ित किया जा रहा है। बिजली की दरें बढ़ाने का प्रस्ताव लाया गया है। पुलिस उत्पीड़न की एजेंसी बन गई है।
इसके बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा गया। इसके माध्यम से फसलों की क्षतिपूर्ति का प्रबंधन करने, गन्ना किसानों का बकाया और नियमानुसार देय ब्याज का भुगतान शीघ्र किए जाने, बिजली की दरों में बेतहाशा वृद्धि को रोकने, फर्जी एनकाउंटर बंद किए जाने और हिरासत में मौतों की न्यायिक जांच कराने की मांग की गई है। धरना प्रदर्शन करने वालों में महान दल के प्रदेश महासचिव सुनीत सिंह चौहान, रणंजय सिंह, मो. नसीम खां, प्रदीप तिवारी, गायत्री वर्मा, संजीव वर्मा, हनीफ अहमद अंसारी, ओम गुप्ता, इम्तियाज मंसूरी, विनोद राठौर, सर्वेश राठौर, रवि कश्यप आदि शामिल रहे।