शाहजहांपुर। संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत बुधवार शाम को डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक में समीक्षा की। उन्होंने जनपद के संचारी रोगों से प्रभावित 37 हाई रिस्क गांवों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि इन गांवों में घर-घर स्प्रे के कार्य का अधिकारी स्वयं सत्यापन करें और तालाबों में गम्बूसिया मछलियों को छोड़ा जाए।
डीएम ने संबंधित एमओआईसी को निर्देशित किया कि वे स्वयं इन गांवों का निरीक्षण करें और एंटी लार्वा स्प्रे, फॉगिंग, झाड़ियों की सफाई जैसे कार्य युद्धस्तर पर कराएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक न्याय पंचायत में फॉगिंग मशीन की खरीद की जाए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि 10 जुलाई से पूर्व सभी विद्यालयों में मच्छरों से बचाव के लिए तुलसी, मेरीगोल्ड आदि के पौधे बड़े पैमाने पर रोपे जाएं।
कहा कि सभी जन आरोग्य मंदिरों पर सीएचओ नियमित रूप से उपस्थित रहें, अन्यथा अनुपस्थिति पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह, सीएमओ डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, एडीएम एफआर अरविंद कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।