शाहजहांपुर। पॉवर लिफ्टिंग में अंतरारष्ट्रीय पर पहचान बनाने वाले अजय पाल वर्मा को बृहस्पतिवार को डीएम ने सम्मानित किया।
विकास भवन सभागार में डीएम इंद्र विक्रम सिंह और सीडीओ महेंद्र सिंह तंवर ने रूस में पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर जनपद और अपने गांव महाऊ दुर्ग का नाम देश-विदेश में रोशन करने वाले अजय पाल को फूल मालाएं पहनाकर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर डीएम ने कहा कि प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती। वह किसी भी परिस्थिति में अपना मुकाम हासिल कर ही लेती है। अजय पाल ने विपरीत परिस्थितियों में स्वयं को तराश कर इस बात को साबित कर दिखाया और एक मिसाल पेश की है। युवाओं को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी, एडीएम वित्त अमर पाल सिंह, डीडीओ सतीश मिश्रा आदि अधिकारी मौजूद रहे।