शाहजहांपुर। विद्या भारती के 32 वें प्रांतीय खेलकूद समारोह के अंतर्गत संजय कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अपने कॉलेज के लिए पदक जीते। बालिका वर्ग की अंडर-14 व अंडर-17 की गोला फेंक प्रतियोगिता में क्रमश: विधि व कनक और अंडर-17 बालक वर्ग की लंबी कूद प्रतियोगिता में गौरव अव्वल रहे।
विद्या भारती के प्रदेश निरीक्षक एवं शारीरिक प्रमुख होडल सिंह और प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार सिंह की देखरेख में प्रतियोगिता का शुभारंभ अंडर-14 बालक वर्ग के गोला फेंक और लंबी कूद से हुआ। गोला फेंक में सिद्धार्थ रावत मथुरा ने प्रथम, सुमित चौधरी अलीगढ़ ने द्वितीय और राहुल चौधरी धानुका वृंदावन ने तृतीय, बालिका वर्ग में गोबर्धन मथुरा की विधि शर्मा ने प्रथम, अलीगढ़ की गौरी शर्मा ने द्वितीय और पीलीभीत की अनमता खान ने तृतीय स्थान हासिल किया। लंबी कूद बालक वर्ग में पंकज कुमार बरेली को प्रथम, अनुराग चौहान आगरा को द्वितीय, प्रवीण चौधरी अलीगढ़ को तृतीय, बालिका वर्ग में कामिनी श्रीजी बाबा मथुरा को प्रथम, उमा अतरौली को द्वितीय और मानवेंद्री मथुरा को तृतीय स्थान मिला।
इसी तरह अंडर-17 गोला फेंक बालक वर्ग में अनूप गिहार मझोला, रिंकू सिंह मथुरा, ललित कुमार शर्मा अलीगढ़, लंबी कूद में आयुष कासगंज, अपूर्व शंखधार बदायूं, शैलेंद्र चौधरी अलीगढ़, बालिका वर्ग की गोला फेंक में कनक कुंतल मथुरा, आरती अलीगढ़, सलोनी गौतम आगरा, गोला फेंक में रोहित चौहान कासगंज, रजन सिंह मथुरा, गौरव वर्मा पीलीभीत, लंबी कूद में गौरव वेसला वृंदावन, अभिषेक चौधरी अलीगढ़, सचिन मथुरा को क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान मिला। प्रतियोगिताओं में मेजबान कॉलेज के अलावा गैर जनपदों की टीमों के साथ आए खेल शिक्षकों का योगदान रहा। आयोजकों के मुताबिक प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 200 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं।