पुवायां। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने शनिवार को गांव नाहिल और बड़ागांव में बूथों का मुआयना किया और गांव के लोगों से मतदान के बारे में जानकारी ली।
एसपी पहले नाहिल पहुंचे। यहां एसपी ने पिछले आठ से दस वर्ष में हुए चुनावों के बारे में जानकारी ली। चुनाव के समय मुचलका पाबंद किए गए लोगों, हिस्ट्रीशीटर और गुंडा एक्ट आदि में निरुद्ध लोगों के बारे में पूछा। एसपी ने कहा कि संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर ज्यादा ध्यान दिया जाए और इन बूथों के लिए रणनीति तैयार की जाए। बूथ पर बनी कोटेदार, आशा, आंगनबाड़ी आदि 27 कर्मचारियों की टीम की पूरी जानकारी रखी जाए। इसके बाद एसपी ने बड़ागांव पहुंचकर पंचायत राज इंटर कॉलेज में बनने वाले बूथ का निरीक्षण किया और पहले हुए मतदान आदि के बारे में जानकारी ली। एसपी ने कहा कि चुनाव के लिए अभी से पूरी तैयारी रखें और हर सूचना पर ध्यान देकर कार्रवाई की जाए। गांव के लोगों से संपर्क कर सूचनाएं जुटाई जाएं, जिससे मतदान शांति से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान सीओ पंकज पंत, थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय बड़ागांव चौकी प्रभारी मौजूद रहे।