शाहजहांपुर। गेहूं खरीद के पहले दिन अधिकतर स्थानों पर क्रय केंद्रों की शुरुआत नहीं हो पाई। ज्यादातर मंडियों में सन्नाटा छाया रहा। रोजा मंडी समिति में सेंटर के बैनर लगे दिखाई दिए। यहीं हाल पुवायां मंडी में रहा। तिलहर मंडी समिति में क्रय केंद्र शुरू नहीं हो पाया। यहां भी कोई इंतजाम दिखाई नहीं दिया। जलालाबाद में क्रय केंद्र खुले मिले, लेकिन यहां पर सन्नाटा पसरा था। कुछ केंद्रों पर तो अब तक धान खरीद शुरू होने के बैनर टंगे हैं।
मंडी समिति रोजा में पसरा रहा सन्नाटा
रोजा। मंडी समिति में 18 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। शुक्रवार को खरीद के पहले दिन यहां पर क्रय केंद्रों पर कोई कर्मचारी दिखाई नहीं दिया। न ही यहां पर बाट-माप यंत्र लगाए गए। यहां पर सिर्फ क्रय केंद्रों पर बैनर लगे हुए थे। क्रय केंद्रों पर छुट्टा पशु घूमते हुए दिखाई दे रहे थे। क्रय केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा। न तो यहां पर कोई खरीदने वाला दिखाई दिया और न ही कोई किसान बिक्री करने के लिए आया। संवाद
पुवायां मंडी में अब भी लगे हैं धान खरीद केंद्र के बैनर
पुवायां। पुवायां मंडी में कई सेंटरों पर अब भी धान खरीद केंद्र के बैनर टंगे हैं। कुछ सेंटरों पर गेहूं खरीद केंद्र के बैनर लगाए गए हैं, लेकिन पहले दिन सेंटरों पर प्रभारी और कर्मचारी गायब रहे। किसानों ने बताया कि अभी गेहूं पूरी तरह से हरा है, दाना पड़ने की शुरुआत हुई है। गेहूं कटने में समय लगेगा और कटाई का काम होली के बाद ही सही से हो पाएगा। कुछ गेहूं होली से पहले भी कट सकता है। ऐसे में खरीद का काम अप्रैल में ही रफ्तार पकड़ सकेगा। संवाद
जलालाबाद मंडी में खुले चार क्रय केंद्र, छाया रहा सन्नाटा
जलालाबाद। मंडी समिति में दोपहर एक बजे तक मंडी समिति परिसर में गेहूं खरीद के चार क्रय केंद्र ही शुरू हो सके। गेहूं की आवक न शुरू होने से इन सेंटरों पर भी सन्नाटा था। मंडी समिति में स्वीकृत 12 विभिन्न एजेंसियों के सेंटर में से आरएफसी के चार में से तीन और एक मंडी समिति का क्रय शुक्रवार को शुरू हो सका, जबकि यूपीएसएस के पांच, पीसीयू का एक, एफसीआई का एक सेंटर पहले दिन शुरू नहीं हो सके। सचिव राजीव रंजन ने बताया कि अन्य सेंटर भी शाम तक शुरू हो जाएंगे। क्षेत्र में विभिन्न एजेंसियों के 22 क्रय केंद्र खोले जाने की स्वीकृति है। इनमें 12 नगर स्थित मंडी समिति और क्षेत्र के गांव डोलापुर, सुजावलपुर, भटादेवर, मनोरथपुर, चमरडूही व फरीदापुर में एक-एक, मिर्जापुर के गांव पृथ्वीपुर ढाई में एक और कलान के सहकारी संघ समिति व वी-पैक्स लिमिटेड के भवन में एक-एक क्रय केंद्र शामिल हैं। संवाद
तिलहर में नहीं खुला कोई क्रय केंद्र, कहीं भी नहीं लगे बैनर
तिलहर। गेहूं खरीद को लेकर एक मार्च से खोले जाने वाले सरकारी खरीद केंद्र पहले दिन कहीं नजर नहीं आए। तहसील क्षेत्र में कुल 39 गेहूं खरीद केंद्र खोले गए हैं। इनमें से 27 खरीद केंद्र तिलहर मंडी समिति में संचालित होंगे। मंडी सचिव रामनिवास ने बताया कि मंडी समिति परिसर में आरएफसी के पांच, पीएसएफ के नौ, पीसीयू के छह, यूपीएसएस के दो, एफसीआई और मंडी समिति का एक-एक केंद्र स्थापित किया गया है। बताया कि जैतीपुर में छह, कटरा में 12 और खुदागंज क्षेत्र में पीसीयू के चार केंद्र खोले गए हैं। गेहूं अभी तैयार नहीं हुआ है, लेकिन सरकार ने पहले ही केंद्र स्थापित कर दिए हैं, जिससे किसानों को पंजीकरण आदि में कोई परेशानी न उठानी पड़े। पहले दिन केंद्र प्रभारी कहीं नजर नहीं आए हैं और न ही किसी केंद्र पर कोई भी बैनर टंगा दिखाई दिया। संवाद
पहले दिन जहां-जहां क्रय केंद्र नहीं खोले गए हैं। वहां की संबंधित एजेंसियों को नोटिस जारी किया जा रहा है। अगर स्पष्ट जवाब नहीं देंगे तो संबंधित एजेंसी का क्रय केंद्र निरस्त कर दिया जाएगा।
- संजय कुमार पांडेय, एडीएम प्रशासन व जिला नोडल अधिकारी गेहूं खरीद