एमएलसी चुनाव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बरेली में प्रस्तावित किसान रैली की तैयारियों की समीक्षा करने पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने विरोधियों पर जमकर हमला बोला। सपा पर हल्ला बोलते हुए वाजपेयी ने कहा कि सरकार जनांकाक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है, जिस उम्मीद से जनता ने उन्हें प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी थी, उस पर किसी भी क्षेत्र में सरकार कामयाब नहीं हो सकी। लूट, हत्या, बलात्कार जैसे अपराधों के लिए सपा को याद किया जाएगा। हालत यह है कि आज सरकार खनन माफियों की गिरफ्त में काम कर रही है।
पार्टी कार्यालय राजभवन में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अफसोस इस बात का है कि दिनोंदिन बढ़ते अपराधिक ग्राफ के बावजूद सरकार चेत नहीं रही। पुलिस से लेकर आमजन तक अपराधियों के डर से कांप रहे हैं। एक सवाल के जवाब में वाजपेयी ने कहा कि इस बात की किसी ने भी कल्पना नहीं की होगी कि जवाहर लाल नेहरू के नाम से स्थापित देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में आतंकवाद के समर्थन में नारे लगेंगे और नेहरू का नाती ही ऐसे लोगों का समर्थन करेगा। यदि कहीं नेहरूजी की आत्मा होगी तो वह खून के आंसू रो रही होगी।
भाजपा नेता ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर लाभ लेना घोर निंदनीय है और ऐसे कृत्यों की सर्वत्र निंदा होनी चाहिए। राहुल गांधी और बसपा सुप्रीमो मायावती द्वारा राष्ट्रविरोधी गतिविधियों का समर्थन करने के बावजूद सपा खामोश रही, यह और भी निंदाजनक है। एमएलसी चुनाव के बारे के बारे वाजपेयी ने कहा कि इस बार पार्टी इतिहास बदलने जा रही है। पिछले दो बार से एमएलसी चुनाव में भाजपा अपना खाता नहीं खोल सकी थी, लेकिन इस बार परिस्थितियां अलग हैं और सपा की गुंडई नहीं चलने दी जाएगी। उन्होंने पुलिस विभाग से आग्रह किया कि वह निष्पक्ष चुनाव कराए, अन्यथा पार्टी खामोश रहकर तमाशा नहीं देखेगी।
प्रधानमंत्री मोदी की 28 फरवरी को बरेली में प्रस्तावित रैली के बारे में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसानों के लिए पहले भी योजनाएं बनी हैं, लेकिन पीएम की फसल बीमा योजना अपने में अनूठी योजना है, इसका भरपूर लाभ किसानों को मिलेगा। भाजपा और स्वयं प्रधानमंत्री किसानों के हितैषी हैं। गांव की खुशहाली के लिए किसानों के चेहरे पर मुस्कान जरूरी है और फसल बीमा योजना से किसानों के घरों में खुशियों का उजियारा आएगा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बाबूराम गुप्ता भी मौजूद रहे।