भारतेंदु नाट्य अकादमी (बीएनए) लखनऊ से पास आउट तीन कलाकार इन दिनों बच्चों और युवाओं में अनुभव बांट रहे हैं। तीनों ने संयुक्त प्रेसवार्ता में अपने अभिनय के सफर को साझा किया और कार्यशाला के उद्देश्यों की जानकारी दी।
डॉ. सुदामा प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज में अभी हाल ही में बीएनए से पास आउट हुए अनुराग यादव ने बताया कि वह इन दिनों प्रस्तुतिपरक कार्यशाला कर युवाओं में अनुभव साझा कर रहे हैं। कार्यशाला में वह विकलांगों के जीवन पर आधारित वसंत कुमार परिहार के नाटक ‘दीमक के पहाड़’ को तैयार करा रहे हैं, इसका मंचन नौ जुलाई को प्रस्तावित है। यह कार्यशाला उनके प्रशिक्षण का ही हिस्सा है।
इस मौके पर वरिष्ठ कलाकार बीएनए पास आउट राकेश राज ने भी खासतौर पर उपस्थित रहे। राकेश राज 2005 में बीएनए प्रशिक्षण पूरा कर चुके हैं और इन दिनों मुंबई में धारावाहिक एवं फिल्मों में काम कर रहे हैं। बताया कि वह 'दिल मिल गए’, 'कृष्णा वैन...,’ 'सावधान इंडिया’, 'क्राइम पेट्रोल’, 'सीआईडी’ में काम कर चुके हैं और प्रख्यात निर्देशक राम गोपाल वर्मा की फिल्म 'फूंक-2’ में रहीम खान, मजहर कामरान की फिल्म 'मोहन दास’ में रामू के रूप में काम कर चुके हैं। वह सुरेंद्र सिंह राठौर की फिल्म 'कहानी एक देवी की’ (भंवरी के जीवन पर आधारित) मेें भंवरी के पति बनवारी का किरदार निभा रहे हैं। राज ने बताया कि वह स्टेनली जोजेफ निर्देशित हॉलीवुड फिल्म 'माई कार्नर स्टोन’ में भी काम कर चुके हैं, जो शीघ्र ही रिलीज होने वाली है।
वर्ष 2012 में बीएनए पास आउट कर चुके कप्तान कर्णधार इन दिनों रंजीत कपूर के निर्देशन में थिएटर कर रहे हैं और नेशनल स्कॉलरशिप अवार्ड की तैयारी में भी जुटे हैं। इस समय वह शहर में ही हैं और कार्यशाला में अनुराग यादव का साथ दे रहे हैं।