शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में आने वाले मरीजों को खून, एक्स-रे आदि की रिपोर्ट के लिए दौड़ नहीं लगाना पड़ेगी। मरीजों का सारा डाटा ऑनलाइन करने की तैयारी शुरू हो गई है। एक क्लिक में सारी जानकारी मरीज या तीमारदार के स्मार्ट फोन में खुल जाएगी। हेल्थ मैनेजमेंट इन्फॉरमेंशन सिस्टम (एचएमआईएस) के जरिये सारा डाटा अपलोड हो रहा है। जल्द ही सुविधा को शुरू किया जाएगा।
अस्पताल में आने वाले मरीजों को एक्स-रे या खून की जांच कराने के बाद अगले दिन रिपोर्ट मिलती है। ऐसे में मरीजों को दो दिन दौड़ना पड़ता है। भर्ती मरीजों को वार्ड से लैब तक रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए चक्कर लगाना पड़ता है। समस्या से छुटकारा दिलाने की कवायद शुरू हो गई है। अस्पताल में आने वाले मरीजों का डाटा फीड किया जाएगा।
प्राचार्य डॉ.राजेश कुमार ने बताया कि मरीज को आभा आईडी में रजिस्ट्रेशन कराने के बाद नंबर जनरेट होगा। उसी पर मरीज की जांच, दवाई, भर्ती होने की अवधि, डिस्चार्ज की तिथि समेत सारा डाटा मिल जाएगा। इससे मरीज अपने मोबाइल पर आसानी से खोलकर पढ़ सकता है। पेपरलेस होने के साथ ही मरीजों को राहत भी मिलेगी।
पुरानी बीमारी का लग सकेगा आसानी से पता
भर्ती होने वाले मरीज का डाटा एचएमआईएस में सुरक्षित रहेगा। उसकी पुरानी बीमारी व दवा के बारे में जानकारी रहेगी। इसके लिए प्रत्येक मरीज को मोबाइल पंजीकृत करना होगा।
जल्द ही एचएमआईएस सुविधा को शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए ओपीडी में पोस्टर-बैनर भी लगाए जा रहे हैं। मरीजों को ऑफलाइन के बजाए ऑनलाइन पंजीकरण के लिए जागरूक होना पड़ेगा।
-डॉ.राजेश कुमार, प्राचार्य-राजकीय मेडिकल कॉलेज