शाहजहांपुर। एसआईआर अभियान के तहत रविवार को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ ने आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची पढ़कर सुनाई। बूथों पर पहुंचे अधिकतर लोगों ने नाम गलत होने की शिकायत की। बीएलओ ने नाम संशोधन के लिए फार्म-8 को भरवाया। कई लोगों ने नए वोट बनवाने के लिए फार्म-6 भरने के लिए आवेदन किया। कई जगह बीएलओ की अनुपस्थिति की शिकायत पर डीएम ने निलंबन के निर्देश दिए।
चुनाव आयोग के निर्देश पर रविवार को सुबह 10 बजे से बीएलओ मतदेय स्थलों पर पहुंच गए। मतदाताओं के पहुंचने पर बीएलओ ने सूची पढ़कर सुनाई। कई मतदाताओं ने दावे और आपत्तियां दर्ज कराईं। इसमें अधिकतर ऐसे लोग थे, जिसमें मतदाता या उनके संबंधित लोगों के नाम में गलती थी। ऐसे में नाम संशोधन के लिए फार्म-आठ को भरवाया गया।
कई युवा नए वोट बनवाने के लिए फाॅर्म छह भरकर जमा करने आए। कुछ ने ऑनलाइन आवेदन किया, लेकिन बीएलओ पोर्टल पर नाम नहीं दिखने की शिकायत आईं। इसके लिए बीएलओ ने ऑफलाइन फाॅर्म भरवाए। इस्लामिया इंटर कॉलेज, डॉ. सुदामा प्रसाद इंटर कॉलेज, रोटी गोदाम स्कूल, तारीन टिकली नाम देव स्कूल में समस्या लेकर आए मतदाताओं की संख्या अधिक रही।
अधिकतर नाम में संशोधन की शिकायत लेकर आए। नए मतदाताओं के लिए फार्म छह की मांग अधिक रही। बीएलओ ने सबके नाम रजिस्टर पर दर्ज करने के बाद संशोधन फार्म भरवाए।
अनुपस्थित बीएलओ पर होगी निलंबन की कार्रवाई
डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने एसडीएम सदर संजय कुमार पांडेय के साथ मिश्रीपुर, हथौड़ा बुजुर्ग के बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से फार्म- 6 प्राप्त होने की जानकारी ली। उन्होंने प्राप्त फार्मों का अवलोकन करते हुए बीएलओ को निर्देश दिए कि पूरे फॉर्म को अच्छे से भरवाएं। खंड विकास अधिकारी भावलखेड़ा ने बताया कि कई बीएलओ ड्यूटी पर नहीं आए हैं। डीएम ने निर्देश दिए कि अनुपस्थित बीएलओ की सूची उपलब्ध कराएं, उन पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र ने तिलहर क्षेत्र में एलजेपी इंटर कॉलेज समेत कई मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया।
मतदाता सूची देखने पर पता लगा कि पिता का नाम गलत हो गया है। इसके संशोधन के लिए फार्म आठ भरने की प्रक्रिया पूरी कर दी है। बताया गया कि अंतिम सूची में नाम सही हो जाएगा।
- रविंद्र कुमार मिश्र, कृष्णानगर
बेटी के पति का नाम सूची में गलत हो गया है। इसके लिए फार्म भरवाया गया है। नाम का संशोधन करके ठीक करने के लिए कहा गया है। बाकी परिवार के सदस्यों के नाम ठीक हैं।
- जाहिद हुसैन, मोहल्ला चमकनी
नया वोट बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। इसमें बीएलओ के पोर्टल पर दिखाई नहीं दे रहा है। तकनीकी समस्या बताई जा रही है। जल्द ही समस्या का समाधान होने का आश्वासन दिया गया है।
- वकार खां, तारीन टिकली।
बेटी का नया वोट बनवाने के लिए आवेदन किया है। इसमें कुछ दिक्कत आ रही है। बीएलओ ने बताया कि फार्म-6 भरकर समस्या का समाधान हो जाएगा।
- नुसरत उल्ला खां, रंगीन चौपाल
अधिकतर मतदेय स्थलों पर बीएलओ उपस्थित रहे, जहां अनुपस्थित होने की सूचना मिल रही है उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। मतदेय स्थलों की अधिकारी निगरानी करते रहे।
- रजनीश कुमार मिश्र, एडीएम प्रशासन
इस्लामियां इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर आपत्ति दर्ज कराते वोटर। संवाद- फोटो : मथुरा
इस्लामियां इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर आपत्ति दर्ज कराते वोटर। संवाद- फोटो : मथुरा
इस्लामियां इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर आपत्ति दर्ज कराते वोटर। संवाद- फोटो : मथुरा
इस्लामियां इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर आपत्ति दर्ज कराते वोटर। संवाद- फोटो : मथुरा