शाहजहांपुर। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग व जिला प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने विकास भवन सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। जल जीवन मिशन के तहत डाली गई पाइप लाइन का कार्य संतोषजक न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
प्रभारी मंत्री ने विकास भवन स्थित जिला उद्यान कार्यालय, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग एवं जिला विकास अभिकरण विभाग सहित अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया। संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं उनकी प्रगति के संबंध में जानकारी ली और उनका लाभ पात्रों को देने के निर्देश दिए। कहा कि आबकारी, विद्युत, परिवहन में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली की जाए। कानून व्यवस्था में सुधार लाने के साथ हत्या, लूट, महिला उत्पीड़न, दुष्कर्म, अपहरण, पॉक्सो समेत गंभीर अपराधों की समीक्षा कर पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया। प्रभारी मंत्री ने अधिशासी अभियंता जल निगम को शासन के मंशा अनुसार हर घर जल पहुंचाने और मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्ता पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने सीएम डैशबोर्ड की प्रगति में खराब श्रेणी में रहने वाले विभागों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति में सुधार लाने, प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण में सीडीओ को सचिवों के साथ बैठक कर पात्रता का सत्यापन कराने, अभियान चलाकर मिलावटी, ओवर रेटिंग, नकली, कच्ची एवं अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग को निर्देशित किया। कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच संवाद बेहतर किए जाए। डीएम उमेश प्रताप सिंह ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि निर्देशों का संबंधित अधिकारियों से पालन कराएंगे।
इस मौके पर पुवायां विधायक चेतराम, ददरौल विधायक अरविंद सिंह, तिलहर विधायक सलोनी कुशवाहा, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर, एसपी अशोक मीणा, नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्रा, एडीएम न्यायिक राशिद अली, सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, सीएमओ डॉ. आरके गौतम समेत जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
-
दो बजे के बाद भी लगाई जाए डॉक्टरों की ड्यूटी
तिलहर। जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर इमरजेंसी कक्ष में भर्ती मरीजों का हाल-चाल लिया। इस दौरान अस्पताल में गंदगी देख नाराजगी जताई। राइस मिलर पंकज गुप्ता और भाजपा नेता सुनील गुप्ता हंस द्वारा शिकायत मिलने पर एक डॉक्टर को हटाने के निर्देश दिए। डॉक्टरों की मौजूदगी को लेकर पूछने पर सीएमओ डॉ. आरके गौतम कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इमरजेंसी कक्ष मौजूद बच्चे के बुखार को नियंत्रित करने के निर्देश दिए। साथ ही मरीजों के रजिस्टर को देखकर डॉ. ऋतुराज राठौर से पूछताछ की। इमरजेंसी में डॉक्टर कक्ष को खुलवाकर देखा, जिसमें गंदगी मिली। एक्स-रे कक्ष में पुरानी मशीन को तत्काल इसे बदलने के निर्देश दिए। इस मौके पर विधायक सलोना कुशवाहा, चिकित्साधीक्षक डॉ. उमेंद्र राठौर, एसडीएम जीत सिंह राय आदि मौजूद रहे। संवाद