कलान तहसील भवन की छत पर चढ़ा सैनिक दल सिंह यादव। संवाद
शाहजहांपुर। कलान थाना क्षेत्र के गांव झकरेली मजरा सुखनैया निवासी फौजी दल सिंह यादव के भूखंड पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से निर्माण कार्य शुरू करा दिया। एसडीएम और पुलिस को प्रार्थना पत्र देने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर दल सिंह निर्माण कार्य रुकवाने के लिए कलान तहसील की छत पर चढ़ गया और कूदने की धमकी दी। दो घंटे के बाद वह खुद वहां से चला गया।
लखनऊ में तैनात सैनिक दल सिंह यादव ने एसडीएम और इंस्पेक्टर कलान को प्रार्थना पत्र देकर आवासीय भूखंड पर अवैध निर्माण रुकवाने की मांग की थी। उन्होंने पत्र में बताया कि कलान के मोहल्ला भर्रामई में 16 मई 1986 को एक आवासीय भूखंड का बैनामा एक व्यक्ति से कराया था। इसकी नींव भरवाकर वह तभी से काबिज है।
उस व्यक्ति की मृत्यु के बाद उनके पुत्र ने इसी भूखंड का बैनामा 16 मार्च 2023 को कलान निवासी महिला के नाम कर दिया। महिला उस पर निर्माण करा रही है। उनके प्रार्थना पत्र पर पुलिस और प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर बुधवार दोपहर ढाई बजे वह तहसील की छत पर चढ़ गया और निर्माण कार्य नहीं रुकवाने पर कूदकर जान देने की धमकी देने लगा।
पुलिस मौके पर पहुंची और उसे समझाने का प्रयास करती रही। करीब दो घंटे के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी तो दल सिंह पुलिस को चकमा देकर कहीं चला गया। तब पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली। इंस्पेक्टर कलान ब्रजेश सिंह ने बताया कि सैनिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- आवासीय भूखंड का मुकदमा सिविल कोर्ट में विचाराधीन है। सैनिक के पास निर्माण कार्य रुकवाए जाने के लिए कोर्ट का स्थगन आदेश भी नहीं है। कोर्ट के मामले में हस्तक्षेप नहीं किया जा सकता है। - दशरथ कुमार,एसडीएम कलान