शाहजहांपुर। शराब मैनेजर से लूट के मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कानूनी घेरे में फंसी एसओजी टीम की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। अब अतिबरा के प्रधान और ईंट भट्ठा मालिक ने भी एसओजी टीम पर लूट का आरोप लगाया है। इन दोनों मामले की जांच भी एएसपी ग्रामीण अपर्णा गौतम कर रही हैं।
गांव चंदौरा बहादुरपुर निवासी अभिषेक गुप्ता ने एसपी को बताया कि आठ मार्च की रात करीब 10:30 बजे उनके प्रतिष्ठान बालाजी ईंट उद्योग पर एसओजी टीम के चार से पांच लोग पहुंचे। इनमें एसओजी प्रभारी क्रांतिवीर, कांस्टेबल भानुप्रताप, मोहित शर्मा और उनके अन्य साथी शामिल थे। आरोपियों ने चौकीदार राजेंद्र सरदार से गाली-गलौज कर जबरन कार्यालय खुलवा लिया और गल्ले में रखे 53,792 रुपये निकाल लिए। पूरे भट्ठे की तलाशी भी ली। अभिषेक का आरोप है कि एसओजी का वहां पहुंचने का इरादा उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर धन वसूली करना था। मगर घटना भट्ठे पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
प्रधान को गाड़ी में कैद कर वसूले दो लाख रुपये
आरोप है कि इससे पहले एसओजी ब्लॉक मदनापुर के गांव अतिबरा के प्रधान राहुल सिंह चौहान के घर रात आठ बजे पहुंची थी। यहां पूरे घर की तलाशी ली। टीम को कोई भी अवैध वस्तु नहीं मिली। उस वक्त प्रधान जलालाबाद में थे। परिवारवालों की सूचना पर वह जलालाबाद से गांव लौट रहे थे। तभी एसओजी टीम बरेली-फर्रुखाबाद रोड पर गांव बरुआरी के पास मिल गई। आरोप है कि टीम के प्रभारी क्रांतिवीर, सदस्य भानू प्रताप सिंह व मोहित शर्मा ने प्रधान को सफेद रंग की टाटा सूमो में डाल लिया और दो लाख रुपये की रंगदारी की मांग करने लगे। जेब में रखे 30 हजार रुपये छीन लिए और रुपये नहीं देने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर डराने लगे। मजबूरन 1.70 लाख रुपये मंगवाकर दिए, तब टीम ने प्रधान को छोड़ा। इन दोनों लोगों ने भी एसपी डॉ. एस चन्नप्पा को शिकायती पत्र दिया, लेकिन एसपी ने मामले की जांच कराने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बता दें कि हरदोई के थाना देहात कोतवाली के विकासनगर सीतापुर रोड महोलिया शिवपाल निवासी शराब कंपनी मैनेजर अंकुर तिवारी ने एसओजी प्रभारी क्रांतिवीर सिंह और उनकी टीम पर 54 हजार दो सौ रुपये लूटने और छोड़ने के एवज में एक लाख रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए रोजा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
अभी मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - अपर्णा गौतम, एएसपी ग्रामीण