मीरानपुर कटरा पुलिस की गिरफ्त में आरोपी रियाज। स्रोत: पुलिस
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। दिल्ली पुलिस के चाणक्यपुरी थाने की नारकोटिक्स शाखा ने जिला कारागार में बंद मादक पदार्थ तस्कर मोहम्मद रियाज खां उर्फ बाबू खां पढेरा को चार दिन की रिमांड पर लेकर बुधवार को उसके घर से 1551.05 ग्राम स्मैक बरामद की। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपये के आसपास बताई गई है। आरोपी की निशानदेही पर स्मैक बनाने के उपकरण और अन्य सामान भी बरामद हुआ है।
दिल्ली पुलिस की नारकोटिक्स सेल के उप निरीक्षक रणधीर सिंह ने बताया कि गत 15 सितंबर को दिल्ली में यहां के उवैस अली और बरेली के मीरगंज क्षेत्र के गांव गोगोई निवासी अमान खां को दो करोड़ रुपये की स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया था। धरपकड़ के दौरान मीरानपुर कटरा के मोहल्ला आतिशबाजान निवासी स्मैक तस्कर मोहम्मद रियाज खां उर्फ बाबू खां पढेरा पुलिस को चकमा देकर मौके से भाग गया था।
इस मामले में चाणक्यपुरी थाने में स्मैक तस्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। बाद में गिरफ्तार आरोपियों के दोनों भागे हुए साथियों की तलाश शुरू की गई।
वांछित आरोपी बाबू खां की तलाश में यहां पहुंची दिल्ली पुलिस की टीम को स्थानीय थाने से संपर्क करने पर पता चला कि उसे गत दो अक्तूबर को 99 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा चुका है। इस पर दिल्ली पुलिस आरोपी को चार दिन की रिमांड पर लेकर बुधवार को उसे खुदागंज मार्ग के किनारे उसके बंद मकान पर ले गई।
उसके सामने मकान की तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में स्मैक बरामद की गई। पुलिस को उसके मकान से तैयार माल को छानने वाला लाल रंग का कपड़ा, मॉल के पैकेट बनाने वाली पाॅलिथीन की थैलियां, दो माचिस, एक चम्मच, दस्ताने, एल्युमिनियम की कढ़ाई आदि सामान भी मिला। टीम में दिल्ली पुलिस के उप निरीक्षक अमित कुमार भी शामिल रहे।