शाहजहांपुर। अमृत भारत योजना के अंतर्गत रेलवे स्टेशन के सुंदरीकरण का कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ही अव्यवस्थाएं हावी हैं। मौरंग और बजरी के ढेर लगे हैं। इसके चलते यात्रियों को दुश्वारियों से जूझना पड़ रहा है। ओवरब्रिज का निर्माण भी सुस्त गति से हो रहा है। बुधवार को पड़ताल के दौरान यह स्थिति सामने आई।
रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट पर सुंदरीकरण का कार्य करीब दो महीने से चल रहा है। निर्माण एजेंसी ने एक साइड का कार्य पूरा नहीं पर भी दूसरी ओर खोदाई कर दी है। इसके चलते यात्रियों को दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। इसी तरह प्लेटफॉर्म नंबर एक पर टीटीई ऑफिस के पास रखी बजरी की बोरियां नहीं हटाई गईं।
जिस वजह से यहां पर पड़ी बेंच पर लोग सही से बैठ नहीं पाते हैं। निर्माण पूरा नहीं होने से सीएचआई कार्यालय के पास स्टाॅल भी आधा प्लेटफॉर्म पर रखा है। इसी तरह पुराने जीआरपी थाने के पास टॉइल्स भी नहीं हटाए गए हैं। इसी तरह आरपीएफ थाने से कुछ पहले मोरंग और बजरी के ढेर लगे हैं।
क्वार्टरों में तोड़फोड़ कर दी, मलबा नहीं हटाया
रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर नए जीआरपी थाने के पास ओवरब्रिज निर्माण के लिए क्वार्टरों को तोड़ दिया गया। इसका मलबा अब तक पड़ा है, जिसके कारण यात्रियों को दिक्कत आती है, साथ ही हादसा होने का डर भी बना रहता है। इसी तरह पानी के बूथों की मरम्मत कराई गई, लेकिन नाली को कवर नहीं किया गया है।
ओवरब्रिज का निर्माण भी नहीं पकड़ पा रहा रफ्तार
रेलवे स्टेशन पर दो ओवरब्रिज का निर्माण हो रहा है। इसमें एक पर एस्केलेटर और लिफ्ट भी लगनी है। इन ओवरब्रिज पर गर्डर रखने का काम काफी तेज गति से कराया गया, लेकिन निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है। कार्य के लिए मजदूर कम लगाए जाने के चलते काम गति नहीं पकड़ पा रहा है। इसके चलते यात्रियों को एस्केलेटर का लाभ मिलने में देरी हो सकती है।
सेकंड इंट्री बनने में लग सकता है समय
शहर की 75 प्रतिशत आबादी मालगोदाम की तरफ होने के चलते स्टेशन पर सेकंड इंट्री भी बनाई जानी है, लेकिन यहां का काम शुरू से उपेक्षा के साथ कराया जा रहा है। बुधवार को पहुंचने पर जेसीबी खड़ी थी, जबकि दोपहर में कर्मचारी नदारद थे। काम की धीमी गति के चलते इसके निर्माण में देरी होने का अनुमान है।
अप्रैल तक पूरा होने है कार्य
रेलवे स्टेशन का निर्माण अधिकारियों के आने से पहले ही गति पकड़ता है। ऐसे में कार्य समय से पूर्ण नहीं हो पा रहा है। कार्य पूरा होने की तिथि लगातार बढ़ रही है। छह अगस्त 2023 से काम की शुरुआत हुई थी। रेलवे के अफसरों के अनुसार, अप्रैल 2026 में निर्माण कार्य पूरा होने का समय निर्धारित किया गया है।
शाहजहांपुर में रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के तहत निर्माण कार्य चल रहा है। इसे जल्द ही पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। अगर कहीं असुविधा हो रही है तो दिक्कत को दूर कराया जाएगा।
- आदित्य गुप्ता, सीनियर डीसीएम
रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट पर कार्य करते कर्मचारी। संवाद
रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट पर कार्य करते कर्मचारी। संवाद
रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट पर कार्य करते कर्मचारी। संवाद