खुदागंज/मीरानपुर कटरा। मीरानपुर कटरा क्षेत्र के नगला मधा गांव में तस्करों ने गन्ने के खेत में 12 गोवंशीय पशुओं का कटान कर दिया। सुबह जब किसानों ने खेत में स्लाटर हाउस जैसा नजारा देखा तो लोग भड़क गए। लोगों ने पुलिस पर गोमांस तस्करों से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद एसडीएम और सीओ समेत कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा और लोगों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत किया।
खुदागंज थाना क्षेत्र के बार्डर और थाना मीरानपुर कटरा क्षेत्र के गांव नगला मधा में बुधवार सुबह गांव वाले खेतों की तरफ गए तो वहां थाना खुदागंज के गांव अभयपुर निवासी सूरजपाल सिंह के गन्ने के खेत में गोवंशीय पशुओं के अवशेष पड़े दिखाई दिए। लगभग एक दर्जन गोवंशीय पशुओं के अवशेष देख गांव के लोग भड़क गए। मामले की सूचना 112 पुलिस को दी गई। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, इतने में गोरक्षा संघ के जिला महामंत्री मुकेश राठौर, खुदागंज नगर अध्यक्ष दुर्वेश सिंह भी मौके पर पहुंच गए और खुलेआम गोवंशीय पशुओं के कटान पर आक्रोश व्यक्त करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची 112 नंबर पुलिस ने मौके की नजाकत को देखते हुए खुदागंज थानाध्यक्ष बकार अहमद को सूचना दी। फोर्स के साथ वह मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को खबर दी। कुछ ही देर में खुदागंज थाने की पुलिस के साथ ही मीरानपुर कटरा, तिलहर, निगोही थाने का भी फोर्स भी पहुंच गया। आक्रोशित लोगों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत किया। इस दौरान एसडीएम सौरभ गंगवार, सीओ मंगल सिंह रावत, बीडीओ सीमा रानी अग्रवाल, पशु चिकित्साधिकारी सर्वेश कुमार गंगवार भी पहुंच गए।
सीमा विवाद में उलझी पुलिस
काफी देर तक खुदागंज और कटरा पुलिस के बीच मामला सीमा विवाद में उलझा रहा। दोनों ही थानों की पुलिस एक-दूसरे का क्षेत्र बताने में लगी थी। बाद में थाना मीरानपुर कटरा पुलिस ने मौके से गोवंश के 12 सिर, नौ खालें और पैर आदि कब्जे में लेकर गड्ढे में दफन कराए। पशु चिकित्सा अधिकारी सर्वेश कुमार ने गोवंश के मृत नवजात का पोस्टमार्टम किया। मीरानपुर कटरा पुलिस ने खेत मालिक की तहरीर पर अज्ञात तस्करों के खिलाफ गोवध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।