शाहजहांपुर। मंडल स्तरीय ट्रायल मैच के लिए शाहजहांपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से अंडर-19 की जिलास्तरीय 16 सदस्यीय टीम को चुन लिया गया है। मंगलवार को पीलीभीत से टीम का मैच बरेली में होगा। चारों जनपदों की टीमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को लखनऊ में आयोजित मैच में माैका मिलेगा।
24 मार्च को कृभको खाद फैक्टरी के मैदान पर अंडर-19 के ट्रायल मैच कराए गए थे। इसमें शहर से लेकर ग्रामीण इलाके के करीब 60 खिलाड़ियों ने प्रतिभा दिखाई थी। पूर्व रणजी खिलाड़ी कमलकांत कनौजिया ने अपनी निगरानी में स्थानीय खिलाड़ियों की प्रतिभा को परखा था।
ट्रायल मैच के बाद वह स्कोर बोर्ड लेकर लखनऊ चले गए थे। करीब एक महीने के बाद बरेली में मंडलस्तरीय ट्रायल मैच की तिथि आने के बाद जिलास्तरीय चयनित टीम की घोषणा कर दी गई। को-ऑर्डिनेटर मनोज यादव ने बताया कि एसोसिएशन की अंडर-19 की टीम में आकर्षित वर्मा (कप्तान), रंजीत सिंह उप कप्तान, अभिनव राठौर, रामगोपाल, मुनेंद्र, शबाब, निशांत, अर्पित, आदित्य सिंह, उत्कर्ष शर्मा, प्रतीक कुमार, प्रतीक यादव, अनमोल कटियार, निकित, दिव्य, विभु अग्निहोत्री को शामिल किया है। टीम मंगलवार को बरेली के राममूर्ति इंजीनियरिंग कॉलेज में पीलीभीत की टीम से भिड़ेगी।
टीम में छह बल्लेबाज, दो विकेटकीपर, चार स्पिनर, तीन तेज गेंदबाजों को मौका दिया गया है। सभी खिलाड़ियों की प्रतिभा ट्रायल मैच में परखी जाएगी। टीम का मैनेजर डॉ. मनोज यादव को बनाया है।