शाहजहांपुर। रोजा रेलवे स्टेशन की लूप लाइन पर शुक्रवार रात करीब 12 बजे जीलोको कंपनी से स्टेशन की ओर जा रहे इंजन के छह पहिए पटरी से उतर गए। इंजन के बेपटरी होने की खबर से रेल कर्मियों में खलबली मच गई। ढाई घंटे की मशक्कत के बाद इंजन को फिर से पटरी पर लाया जा सका। इस मामले में ज्वाइंट रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय भेजी गई है।
प्वाइंट नंबर 263 पर रोजा स्टेशन की ओर से आ रहे इंजन के छह पहिए पटरी से उतर गए। तेज आवाज होने पर ड्राइवर ने इंजन रोक दिया और वॉकी टॉकी से स्टेशन मास्टर व कंट्रोल को सूचना दी। कंट्रोल के आदेश पर खतरे के सायरन बजाए गए तो स्टेशन अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। तुरंत राहत दुर्घटना यान बुला लिया गया। कर्मचारी ढाई घंटे की मशक्कत के बाद इंजन को पटरी पर लाए। डिरेलमेंट से रेल यातायात पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। मामले में ज्वाइंट रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय भेज दी गई। अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया शंटिंग पोर्टर और लोको पायलट (इंजन ड्राइवर) दोषी पाए गए हैं।
वर्जन
रात में लूप लाइन पर इंजन पटरी से उतर गया था। इससे रेल यातायात पर कोई फर्क नहीं पड़ा। ज्वाइंट रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय भेजी गई। वहीं से कार्रवाई होगी। - जेपी सिंह, स्टेशन अधीक्षक रोजा।
रोजा में इंजन के चक्के पटरी से उतरने के बाद कार्य करते रेलवे के कर्मचारी। संवाद