कलान। पटना देवकली गांव में नहर की पटरी काटने को लेकर विवाद के बाद दो पक्षों में मारपीट और पथराव में दंपती समेत दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीरों पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद घटना की जांच कर रही है।
गांव के भल्लू खां ने पुलिस को बताया कि गांव के मुशीर, नन्हे मियां, शानू और कासिफ ने मछली के शिकार को लेकर नहर की पटरी काट दी। उनका खेत नहर के किनारे होने से उन्होंने फसल खराब होने का हवाला देकर इसका विरोध किया तो आरोपियाें ने रियाज मोहम्मद और अरशद के साथ मिलकर उन्हें लाठी-डंडों से पीटा। उन्हें बचाने आए वारिस अली और अयूब को भी पीटा और छत पर चढ़कर ईंट,पत्थर फेंके। आरोपियों ने परिवार समेत जान से मारने की धमकी भी दी।
दूसरे पक्ष के कासिफ अली ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उनके खेत में कुछ दिन पूर्व गांव के ही भल्लू ने लकड़ियां गाड़ीं थीं, जिन्हें उन्होंने उखाड़ दिया। इसी रंजिश में शुक्रवार को भल्लू समेत उसके भाई करु, बारिश अली और अयूब खां ने उनके भाइयों शहबाज,अरशद, चाचा मुशीर,चाची हिना व शाकिरा को पीटा। प्रभारी निरीक्षक प्रभाष चंद ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।