पुवायां। वैवाहिक कार्यक्रम में तमंचे लेकर पहुंचे बोलेरो कार सवार छह लोगों को वापस घर जाते समय पुलिस ने हाईवे पर पकड़ लिया। पुलिस आरोपियों को थाने लाने की बजाय मंडी स्थित पुलिस चौकी ले गई। कई घंटे बाद पुलिस ने एक तमंचा बरामद होने की बात कही है।
सीतापुर जनपद के छह लोग पुवायां के गांव बनिगवां में मित्र के घर रिंग सेरेमनी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बोलेरो गाड़ी से आए थे। छह लोगों के पास चार तमंचे थे और कार्यक्रम में उन्होंने तमंचे निकालकर हर्ष फायरिंग भी की। ग्रामीणों ने तमंचों से फायरिंग करते हुए देख लिया। इसके बाद जाते समय गांव के एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस ने शाम करीब छह बजे बंडा रोड पर जुझारपुर के पास बोलेरो को रोककर तलाशी ली तो बताया जाता है कि चार तमंचे बरामद हो गए। इसके बाद पुलिसकर्मी पकड़े गए लोगों को थाने लाने के बजाय मंडी स्थित पुलिस चौकी पर ले गए। काफी देर तक पुलिस मामले को दबाए रही और किसी के पकड़े जाने से इन्कार करती रही।
रात पौने दस बजे अपराध निरीक्षक राकेश सिंह ने एक व्यक्ति को तमंचे के साथ पकड़े जाने की बात कही। वहीं, चर्चा है कि एक नेता की सिफारिश पर तीन तमंचों को गायब करते हुए पांच लोगों को पुलिस ने क्लीन चिट दे दी है। एक व्यक्ति के पास तमंचा दिखाने की बात पर नेता और पुलिस के बीच सहमति बनी है। मिलीभगत करके पांच लोगों को छोड़ दिया जाएगा। कार्यवाहक थाना प्रभारी अपराध निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति को तमंचे के साथ पकड़े जाने की लिखापढ़ी की जा रही है।