खुटार (शाहजहांपुर)। गांव सौंफरी निवासी राजा वर्मा के गन्ने के खेत में बने सूखे कुएं में शनिवार की रात तेंदुए का छह माह का शावक गिर गया। रविवार सुबह जानकारी होने पर मौके पर भीड़ लग गई। कई घंटोंं की मशक्कत के बाद जाल की मदद से शावक को बाहर निकालकर खुटार रेंज के मैलानी कार्यालय ले जाया गया।
गांव के लोग रविवार सुबह खेतों की ओर पहुंचे तो गन्ने के खेत में सूखे कुएं से आहट हुई। लोगों ने कुएं में झांका तो वहां तेंदुए का शावक था। लोगों ने शोर मचाया तो कुछ ही देर में गांव से लोगों की भीड़ लग गई। लोग कुएं में झांकने और शोर शराबा करने लगे। इससे शावक परेशान हो गया और इधर-उधर भागने लगा।
खेत स्वामी ने कुएं के ऊपर गन्ना डालकर ढक दिया, जिससे शावक बाहर नहीं निकल सके। सूचना पर रेंजर मनोज कुमार श्रीवास्तव वनकर्मियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तेंदुए को रेस्क्यू करने का प्रयास शुरु किया। आसपास के कई गांवों की भीड़ के चलते शावक का रेस्क्यू करने में काफी समस्या आई। सूचना पाकर थाना प्रभारी आरके रावत भी पुलिस बल के साथ पहुंचे और भीड़ को हटाने का प्रयास किया, लेकिन तमाशबीनों ने पुलिस की भी नहीं सुनी।
दोपहर साढ़े 12 बजे जाल के माध्यम से शावक को बमुश्किल कुएं से बाहर निकाला जा सका। शावक को एक वाहन से खुटार रेंज के मैलानी मुख्यालय ले जाकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। रेंजर ने बताया कि शावक छह माह का है। अभी उसे पिंजरे में रेंज कार्यालय पर रखा गया है।
-
शावक को देखने काफी संख्या में पहुंचे लोग
शावक पकड़े जाने की सूचना पर खुटार रेंज के मुख्यालय पर भी भीड़ जुट गई। इससे शावक परेशान हो उठा। वनकर्मियों ने भीड़ को हटाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ ज्यादा होने पर शावक को पिंजरे में बिठाकर ऊपर से पॉलीथिन लपेट दी गई।
रजमना के पास दो दिन से घूम रहा था शावक
गांव रजमना के लोगों ने बताया कि सौंफरी के पास कुएं से निकाला गया तेंदुए का शावक दो दिन से गांव के आसपास खेतों में घूम रहा था। सूचना वनकर्मियों को दी गई थी। गांव रजमना और सौंफरी के बीच लगभग डेढ़ किमी की दूरी है। लोगों का अनुमान है कि शावक के कारण मादा तेंदुआ भी आसपास के खेतों में हो सकती है।
कुएं से निकाला गया शावक छह माह का नर है। शावक मां के ऊपर निर्भर नहीं है। शिकार आदि करने में खुद सक्षम है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि शावक रात या फिर सुबह कुएं में गिरा होगा। अधिकारियों के निर्देशानुसार तेंदुए को छोड़ा जाएगा।
-मनोज श्रीवास्तव, रेंजर खुटार
खुटार के गांव सौंफरी में कुएं में गिरा तेंदुए का शावक। संवाद
खुटार के गांव सौंफरी में कुएं में गिरा तेंदुए का शावक। संवाद
खुटार के गांव सौंफरी में कुएं में गिरा तेंदुए का शावक। संवाद