तिलहर पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। स्रोत: पुलिस
तिलहर (शाहजहांपुर)। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रविवार दोपहर हाईवे स्थित कपसेड़ा गांव के पास घेराबंदी कर मोबाइल टावरों से अजना कार्ड (मोबाइल या टेलीकॉम टावर में लगने वाला नेटवर्क ट्रांसमिशन से जुड़ा एक कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरण) चोरी करने वाले गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से तीन कार्ड, चोरी में इस्तेमाल उपकरण और एक कार बरामद हुई है।
सीओ तिलहर विदुष सक्सेना ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र के परसपुर मगनपुर निवासी सुशील कुमार उर्फ सोनी, कासगंज के अमांपुर थाना क्षेत्र के अरहरपुर निवासी शिशुपाल, विमल कुमार, विनोद कुमार, सोमदत्त और बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पटेल नगर निवासी अमित शामिल हैं।
आरोपी देर रात मोबाइल टावरों से अजना कार्ड चोरी करते थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि चोरी किए गए कार्डों को दिल्ली ले जाकर कबाड़ियों को बेच देते थे। रविवार को भी वे नगरिया चौकी क्षेत्र के चांदापुर गांव स्थित मोबाइल टावर से अजना कार्ड चोरी करने की फिराक में पहुंचे थे।
आरोपियों ने पूछताछ में 13 जुलाई को जलालाबाद क्षेत्र के बरुआरी स्थित मोबाइल टावर से दो कार्ड, 25 जुलाई को याकूबपुर चौराहा स्थित टावर से चार कार्ड और 22 जुलाई को मिर्जापुर क्षेत्र के दो मोबाइल टावरों से कार्ड चोरी करने की बात स्वीकार की है। संबंधित टावर संचालकों की ओर से थानों में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
-
15-20 किलो का होता है अजना कार्ड
सीओ तिलहर विदुष सक्सेना ने बताया कि अजना कार्ड मोबाइल टावर का महत्वपूर्ण कम्यूनिकेशन इक्विपमेंट है। यह तकरीबन 15 से 20 किलो का होता है। हाई रेडियो फ्रिक्वेंसी के इस कार्ड को निकाले जाने से टावर का कम्यूनिकेशन सिस्टम गड़बड़ा जाता है। यह मोबाइल टावर के सिम की तरह काम करता है।