रोडवेज बस अड्डे पर बस में चढ़ते यात्री। संवाद
शाहजहांपुर। रक्षाबंधन मनाने के लिए बहनों का भाइयों के घरों पर आने-जाने का सिलसिला शुरू हो गया। रविवार को लंबी दूरी की ट्रेनों में भीड़भाड़ रही। तमाम बहनों ने पहले से ही ट्रेनों में सीट बुक करवा ली थी। रोडवेज बसों में रात 12 बजे के बाद से निशुल्क यात्रा शुरू होने के चलते भीड़ नहीं दिखी।
लखनऊ से चलकर आने वाली 15073 टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस के जनरल कोचों में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। प्लेटफार्म नंबर चार पर ट्रेन के रुकने पर उसके कोच से उतरने और चढ़ने को लेकर यात्री एक-दूसरे पर चढ़े जा रहे थे। यही हाल शाम चार बजे दिल्ली से आई 12392 श्रमजीवी एक्सप्रेस का भी रहा। कई यात्रियों को खड़े होकर ही यात्रा करनी पड़ी। 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस में शाम 6:25 बजे यहां आई, जिसमें खासी भीड़ देखी गई। रेलवे की ओर से कुछ विशेष ट्रेनों का संचालन भी किया गया है। जानकारी न होने से इनमें भीड़भाड़ कम दिखी।
रोडवेज बसों में सोमवार को सुबह से ही खासकर महिला यात्रियों की भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसको लेकर रोडवेज की ओर से तैयारी कर रखी गई है। एमआरएम ने बताया कि सभी लोकल मार्गों पर रोडवेज की बसें अतिरिक्त चक्कर लगाएंगी। दिल्ली मार्ग पर बसों की संख्या बढ़ाई गई है, जिससे बहनों को अपने भाइयों के घर आने-जाने में दिक्कत का सामना न करना पड़े।
रोडवेज बस अड्डे पर बस में चढ़ते यात्री। संवाद