शाहजहांपुर। रक्षाबंधन पर रोडवेज के साथ ही नगर निगम की ओर से संचालित ई-बसों में बहनों को निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। बहनें बिना कोई शुल्क दिए इन एसी बसों में यात्रा कर सकेंगी।
शहर से लेकर गांव तक यातायात की सुविधा को सुचारू बनाने के लिए सिटी बस ट्रांसपोर्ट को 25 ई-बसें मिली हुई हैं। इनका संचालन नगर निगम की ओर से करवाया जाता है। पिछले दिनों गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ने पर न्यू सिटी ककरा स्थित ई-बस चार्जिंग स्टेशन के परिसर में पानी भर गया था। इस वजह से ई-बसों की बैटरी खराब हो गईं, जिनको ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है। अभी तक 16 ई-बसें ही चलने लायक हो सकी हैं। इन्हीं में रक्षाबंधन पर बहनों को निशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी।
सिटी बस ट्रांसपोर्ट के संचालक प्रबंधक संदीप लाहा ने बताया कि पुवायां मार्ग पर चार, बंडा में तीन, खुटार में दो, बीसलपुर में तीन तथा जलालाबाद मार्ग पर तीन ई-बसों का संचालन किया जाएगा। एक ई-बस अतिरिक्त रखी गई है, जोकि जरूरत पड़ने पर चलाई जाएगी। इस तरह से कुल 16 ई-बसें संचालित होंगी।
-
यहां से मिलेंगी ई-बसें
पुवायां, बंडा, खुटार, बीसलपुर तथा जलालाबाद मार्ग पर संचालित ई-बसें को न्यू सिटी ककरा स्थित चार्जिंग स्टेशन से रोडवेज बस अड्डा होकर गंतव्य के लिए चलाई जाएंगीं। जलालाबाद मार्ग की ई-बस चार्जिंग स्टेशन से बरेली मोड़ होकर जाएंगी। सुबह पांच बजे से हर 10-15 मिनट पर ई-बस मिल सकेगी।