रॉयन इंटरनेशनल स्कूल में मातृ दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों ने अतिथियों को गमलों से सुसज्जित पौधे भेंटकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
ईश प्रार्थना के बाद भक्तिमय गीतों से बच्चों ने मातृ शक्ति का आह्वान किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता हेमा परमेश्वरम, मीरा सेठ, मीरा सिंह, डॉ. नमिता सिंह आदि ने बच्चों को संस्कारित होकर उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया। खास बात यह रही कि छात्र-छात्राओं ने अपनी मां के साथ कुकिंग कर तमाम प्रकार को चटपटे व्यंजन तैयार किए, जिनका सभी ने खूब आनंद लिया। बिना आग के तैयार व्यंजनों को स्वाद लेकर महिलाओं ने फ्रूट चाट, सलाद, भेलपूरी, सॉफ्ट ड्रिंक, पानी पूरी आदि बनाने की कला भी बच्चों को सिखाई।
इसी कड़ी में बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। क्राफ्ट प्रदर्शनी के माध्यम से भी छात्र-छात्राओं ने प्रतिभा प्रदर्शित की। मातृ सम्मान के लेख खूब सराहे गए। कुकिंग में श्वेता अग्रवाल को प्रथम, वर्तिका भारती को द्वितीय, आरती अग्रवाल को तृतीय, फैशन शो में दीपिका सिंघल को प्रथम, रत्ना गुप्ता को द्वितीय और नेहा दीक्षित को तृतीय स्थान मिला। प्रधानाचार्य वर्षा अग्रवाल ने विजेता अभिभावकों को पुरस्कृत किया।