शाहजहांपुर। जनपद स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी-2024 का आयोजन शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज के सभागार में किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी वैज्ञानिक सोच को प्रदर्शित किया।
डॉ. सुदामा प्रसाद इंटर कॉलेज की छात्रा शुभी ने पहला तथा नेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्रा शिजी ने दूसरा स्थान पाया। कृत्रिम बुद्धिमत्ता : संभाव्यता और सरोकार विषय पर संगोष्ठी का प्रारंभ जीआईसी प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने किया। शिक्षक प्रेमशंकर सक्सेना तथा संजय शंकर मिश्रा के संयुक्त संचालन में जीआईसी, जनता इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, पुवायां इंटर कॉलेज पुवायां, आरबीए इंटर कॉलेज तिलहर, केवी नंबर वन आदि विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुति दी।
निर्णायकों में डॉ. ज्योति गुप्ता, मोहम्मद आमिल उस्मानी, अभिषेक वाजपेयी ने सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों का चयन किया, जिन्हें प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर शिक्षक आनंद प्रकाश, राजीव कुमार, मनोज द्विवेदी, रजनीश कुमार, जब्बार खां, गुरविंदर कौर, नितांशु शर्मा, अंकिता मिश्रा, फौजिया जलील, सुचिता, पल्लवी सक्सेना आदि मौजूद रहे।