शाहजहांपुर। प्रदेश सरकार की ओर से पुलिस भर्ती परीक्षा का आयोजन 23, 24, 25, 30, 31 अगस्त को किया जाएगा। शहर में बने 12 परीक्षा केंद्रों पर दो शिफ्टों में करीब 5,200 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा होगी। इसका कंट्रोल रूम जिलास्तर पर बनेगा, जो प्रदेश स्तरीय सेंटर से कनेक्ट रहेगा।
पेपर लीक की घटनाओं को लेकर प्रशासन काफी सतर्क है। परीक्षा केंद्र से पांच सौ मीटर की दूरी तक सभी फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। परीक्षार्थियों को बायोमिट्रिक उपस्थिति दर्ज करानी होगी। प्रशासन की ओर से प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट के अलावा एक केंद्र व्यवस्थापक तैनात रहेगा। केंद्र के बाहर पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। केंद्र के दो मीटर तक आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
शहर के इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
- आर्य महिला इंटर कॉलेज, आर्य महिला पीजी कॉलेज, देवी प्रसाद इंटर कॉलेज, जीएफ कॉलेज ब्लॉक एक, जीएफ कॉलेज ब्लॉक दो, राजकीय इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, जनता इंटर कॉलेज, स्वामी धर्मानंद इंटर कॉलेज, स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज, एलबीजेपी इंटर कॉलेज तिलहर।
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में परीक्षा कराई जाएगी। इसके लिए इंतजाम किए जा रहे हैं।
- संजय कुमार पांडेय, एडीएम प्रशासन