खुदागंज में रामलीला के दौरान धनुष यज्ञ की लीला का मंचन करते कलाकार। संवाद
खुदागंज। नगर में श्री आदर्श रामलीला कमेटी की ओर से भगवान श्रीराम की बरात धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर बरात का स्वागत किया गया।
सोमवार को रामलीला मैदान से निकली बरात का शुभारंभ पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सुधीर सिंह और मेला कमेटी अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता ने पूजन कर किया। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, गुरु विश्वामित्र, भगवान गणेश, हनुमानजी, भगवान शंकर और माता पार्वती की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
बरात मुख्य बाजार से होते हुए निगोही मोड़ पहुंची। यहां से वेदांती जी महाराज आश्रम में स्वागत के बाद रामसहाय चौराहा, महादेवन मंदिर और लक्ष्मीपुर होते हुए देवरास गांव पहुंची। गांव में ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर बरात का स्वागत किया। इसके बाद शोभायात्रा का रामलीला मैदान पर समापन हुआ। इस बीच धनुष यज्ञ और श्रीराम-जानकी विवाह का भावपूर्ण मंचन किया गया। कृष्ण कुमार सक्सेना, सभासद सौरभ गुप्ता, संजीव गुप्ता आदि मौजूद रहे।