मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। चोर-चोर के शोर में सोमवार रात अंधेरे में घूम रहे मोहल्ले के ही तीन लोगों की जमकर पिटाई हो गई। इसके बाद दूसरे पक्षों के लोगों ने भी आकर मारपीट की। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
मोहल्ला इस्लामनगर का हारुन खां सोमवार रात मोहल्ले में घूम रहा था। आधी रात बाद जब अंधेरे में उसे घूमता देखा गया तो गांव में चोर-चोर का शोर मच गया। लोग अपने घरों से लाठी-डंडे लेकर निकल आए और हारुन की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान घूम रहे मोहल्ले के जीशान कुरैशी व साजिद को भी पीट दिया गया।
जब तीनाें के परिवार वालों को जानकारी हुई तो वे भी लाठी-डंडे लेकर निकल आए और मारपीट कर रहे लोगों से भिड़ गए। इस बीच पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया। मारपीट में घायल हारुन खां को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, नगर पंचायत सदस्य अशरफ आलम ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक जुगलकिशोर पाल ने जनता से अपील करते हुए कहा है कि अफवाहों पर ध्यान न दें।
तीन दिन से था लापता, चोर-चोर के शोर में हुई पहचान
लखीमपुर खीरी जिले के थाना पसगवां क्षेत्र के गांव जीरा भोजी निवासी मानसिक रूप से अस्वस्थ संदीप मिश्रा तीन दिन से घर से लापता था। वह मीरानपुर कटरा पहुंच गया था। सोमवार की रात चोर-चोर के शोर में पिटे संदीप को सीएचसी पर भर्ती कराया गया। तब पता चला कि वह तीन दिन से लापता था। इसके बाद पुलिस ने उसके पिता रजनीश से संपर्क किया। आने पर उनके सुपुर्द कर दिया।