शाहजहांपुर। फरवरी 2023 में हुई इंवेस्टर्स समिट में वाहवाही के लिए हुआ आंकड़ों का खेल अब सामने आने लगा है। 58 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट के रूप में अमेरिकन कंपनी के एजुकेशनल हब पर ग्रहण लग गया। कंपनी से संपर्क नहीं हो पाने से पोर्टल से उसका नाम हटा दिया गया है। वहीं, नौ हजार करोड़ रुपये के तीन अन्य निवेशक भी प्रोजेक्ट में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।
इंवेस्टर्स समिट में 168 निवेशकों ने करीब 78 हजार करोड़ रुपये के निवेश के लिए सहमति दी थी। इसमें अमेरिका की एसटीन ग्लोबन एजुकेशनल कंपनी को जिले में एजुकेशनल हब बनाने के लिए 58 हजार करोड़ रुपये का निवेश करना था। उम्मीद थी कि एजुकेशनल अब बनने से शिक्षा को लेकर दिल्ली और लखनऊ जैसे शहरों की दौड़ खत्म होगी। प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए उद्योग केंद्र के अफसरों ने एमओयू पर दिए विदेशी नंबर और ई-मेल आईडी पर संपर्क किया तो उनकी बात नहीं हो सकी। लखनऊ स्तर से प्रयास किए गए, फिर भी मायूसी हाथ लगी। कंपनी को कई बार ई-मेल भी भेजे गए, लेकिन एक साल तक उनका कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद एजुकेशनल हब के प्रोजेक्ट को पोर्टल से हटा दिया गया। इसके अतिरिक्त नौ हजार करोड़ के तीन अन्य निवेशकों ने भी हाथ पीछे खींच लिए हैं। इनमें दो विदेशी कंपनियां शामिल थीं। सिर्फ ई-मेल के भरोसे एमओयू साइन कराने से आंकड़ों का खेल सामने आ रहा है। इतने बड़े प्रोजेक्ट के हाथ से निकलने के बाद अफसरों की किरकिरी हो रही है।
1756 करोड़ रुपये के निवेश के लिए 95 उद्यमी तैयार
-ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी को लेकर तैयारी शुरू हो गई। इंवेस्टर्स समिट में ओएमयू साइन करने वाले 95 निवेशक प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए तैयार हैं। 1756 करोड़ रुपये के निवेश ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में नजर आएंगे। ऐसे निवेशकों को सूचीबद्ध भी कर लिया गया है।
-
बिना सत्यापन कराए ओएमयू साइन, अब करेंगे सुधार
-इंवेस्टर्स समिट के दौरान जिले में करोड़ों रुपये का निवेश कराने के लिए बिना सत्यापन कराए ही ओएमयू साइन कर लिए गए थे। उस समय पोर्टल पर नंबर और ई-मेल आईडी के जरिये ही ओके कर दिया गया। अमेरिकन कंपनी व तीन अन्य प्रोजेक्ट के निवेशकों से संपर्क टूटने के बाद नए ओएमयू में सत्यापन की प्रक्रिया को शुरू की गई है। भूखंड की रजिस्ट्री, जमीन की फोटो, प्रोजेक्ट रिपोर्ट आदि आने के बाद ओएमयू साइन हो रहे हैं।
-अमेरिकन कंपनी के डाटा को डिलीट कर दिया है। तीन अन्य प्रोजेक्ट से संपर्क नहीं हो रहा। वर्तमान में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए 1756 करोड़ के 95 प्रोजेक्ट तैयार हैं।
अनुराग यादव, उपायुक्त उद्योग