शाहजहांपुर। देवाधिदेव भगवान शिव की आराधना का पर्व महाशिवरात्रि श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों में भोलेबाबा का अभिषेक करने के लिए तड़के से श्रद्धालु उमड़ने लगे थे। बम भोले, हर-हर महादेव के घोष और घंटों की ध्वनि से सभी दिशाएं गूंजती रहीं। भक्तों ने अभिषेक कर बेलपत्र, पुष्प, धतूरा, भांग, फल, मिष्ठान आदि अर्पित कर सुख-संपन्नता की कामना की।
महाशिवरात्रि पर महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने उपवास रखकर मंदिर की ओर रुख करना शुरू कर दिया था। हाथों में पूजा की थाली और जल का कलश लिए श्रद्धालु मंदिरों में जलाभिषेक को पहुंचने लगे। मुख्य रूप से बाबा विश्वनाथ मंदिर, बाबा वनखंडीनाथ मंदिर, बाबा चौकसीनाथ मंदिर, श्री बृजेश्वरधाम मंदिर, मनोकामेश्वर नाथ मंदिर, सरायकाइयां ओम कालेश्वर नाथ मंदिर, ओसीएफ मंदिर आदि में उमड़े श्रद्धालुओं को पूजा के लिए लंबी कतार में लगना पड़ा। भक्तों ने शिवलिंग का जल, दूध, शहद, दही से अभिषेक कर रोली-चंदन, अक्षत, बेलपत्र, पुष्प, मिष्ठान, धतूरा, भांग आदि अर्पित कर मत्था टेका और सुख-समृद्धि की कामना की। बाबा विश्वनाथ मंदिर, बक्सरिया स्थित मां दुर्गा रतन मंदिर समेत कई मंदिरों में शाम को रुद्राभिषेक भी किया गया। प्रमुख मंदिरों में सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहे। मंदिरों के आसपास पूजन सामग्री की दुकानें भी सजी रहीं।