पंडित शिव दयाल इंटर कॉलेज जलालाबाद परीक्षा केंद्र पर डीआईओएस ने नकल का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में केंद्र व्यवस्थापक और दो शिक्षकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
डीआईओएस राकेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार की द्वितीय पाली में इंटर अंग्रेजी द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा थी। उन्हें शिकायत मिली कि केंद्र पर शिक्षक, कक्ष निरीक्षक की मिलीभगत से नकल करा रहे हैं। इस पर सचल दल के साथ वह करीब सवा दो बजे केंद्र पर पहुंचे। केंद्र के ऊपरी मंजिल के एक कमरे में परीक्षार्थियों को नकल कराने के उद्देश्य से तखत और मेज-कुर्सी पड़ी थीं। सभी विषयों की गाइड और गैस पेपर भी रखे थे। इसके अलावा कमरे में गणित का एक पेपर भी मिला, इससे जाहिर होता है कि केंद्र पर नकल कराने का पूरा प्रबंध केंद्र व्यवस्थापक ने कर रखा था।
डीआईओएस ने बताया कि उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक राघवेंद्र वाजपेयी, कृष्णेंद्र वाजपेयी और अंजलि वाजपेयी के खिलाफ नकल कराने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। एक शिक्षक भागने में सफल रहा। उसका नाम पता नहीं चल सका। सचल दल में प्रीति छाबड़ा, ज्योति सिंह और मनीराम शामिल रहे।