पुवायां-शाहजहांपुर मार्ग पर सिंधौली स्थित खन्नौत नदी पुल पर बृहस्पतिवार शाम को शॉर्ट सर्किट से कार में आग लग गई। कार चुनाव कार्यालय में तैनात सिपाही कुलदीप की है। दमकल यूनिट ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
ड्यूटी करने के बाद कुलदीप कुमार पुवायां लौट रहे थे। सिंधौली के पास खन्नौत नदी के पुल पर शार्ट सर्किट होने से कार से अचानक धुआं निकलने लगा। धुएं को देखकर कुलदीप ने तुरंत कार को रोड के किनारे खड़ा किया और बाहर आ गए। कुछ देर में कार ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। लपटें उठती देखकर कुछ देर के लिए यातायात रुक गया। इसके चलते वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
सिंधौली थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। तेज लपटों पर मिट्टी डालने का भी कोई फर्क नहीं पड़ा। इस बीच दमकल यूनिट ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया है। इस बीच करीब एक घंटे तक यातायात बंद रहा। पुलिस को वाहनों को पास कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।