शाहजहांपुर। सीएम डैशबोर्ड और आईजीआरएस की मई माह की रैंकिंग में शाहजहांपुर को दूसरा स्थान मिला है। पहले स्थान पर श्रावस्ती जिला रहा है। अप्रैल महीने की रैकिंग में भी शाहजहांपुर दूसरे स्थान पर रहा था। सदर को छोड़कर अन्य चार तहसीलों को प्रदेश में पहला स्थान मिला है।
शाहजहांपुर को 95.71 प्रतिशत अंक हासिल हुए हैं। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिले को रैंकिंग में दूसरा स्थान मिला है। पुवायां, तिलहर, जलालाबाद और कलान तहसील को प्रदेश में पहला स्थान हासिल हुआ है। जनशिकायतों के निस्तारण में गंभीरता से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रैंकिंग में टॉप थ्री जिलों को प्राप्त नंबर में थोड़ा ही अंतर रहता है।
डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लिया जाता है। इसमें एक शिकायतकर्ता ने असंतुष्टि जताई थी। इस वजह से कुछ नंबर कटे हैं। मार्च में जिला पहले नंबर पर था। प्रयास रहेगा कि शिकायतों के निस्तारण और अन्य मानकों पर बेहतर काम किया जाए। उन्होंने बताया कि रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन का कारण शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण रहा है।
निर्धारित 15 दिन के अंदर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाता है। शिकायत के निस्तारण के बाद अधिकारी खुद शिकायतकर्ता से बात करते हैं। उसके संतुष्ट न होने पर फिर से समस्या का पूर्ण निदान कराकर शिकायतकर्ता को संतुष्ट किया जाता है। जिन मामलों में डिफाल्टर होने की संभावना होती है, उसका दो दिन पहले से संज्ञान लेकर उसे ठीक कराया जाता है।