शाहजहांपुर के वार्ड नंबर 12 में पार्षद पद के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी अरविंद गुप्ता ने जीत दर्ज की है। बृहस्पतिवार को उपचुनाव के नतीजे घोषित किए गए।
शाहजहांपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 12 हयातपुरा में पार्षद पद के लिए उपचुनाव की मतगणना बृहस्पतिवार को संपन्न हो गई। इसमें भाजपा प्रत्याशी अरविंद गुप्ता 401 मतों से विजयी रहे। उनको कुल 1355 मत प्राप्त हुए। उनके प्रतिद्वंदी दुर्गेश कुमार गुप्ता को 954 वोट मिले। तीसरे स्थान पर सुधा देवी को 373 और चौथे नंबर पर रहे सत्यनारायण ने 131 मत पाए। इसके अलावा नोटा को 24 वोट मिले।
विज्ञापन
इस तरह से पार्षद के उपचुनाव में कुल 2837 वोट पड़े। जिनकी मतगणना छह राउंड में पूरी की गई। पहले राउंड में बूथ नंबर एक की मतगणना के दोरान अरविंद गुप्ता आगे रहे, दूसरे राउंड में बूथ संख्या दो के वोट गिने जाने पर दुर्गेश ने बढ़त बनाई लेकिन तीसरे राउंड से अरविंद फिर आगे हो गए और अंतिम छठे राउंड तक बढ़त बनाए रहे। अंतिम नतीजों में उन्होंने 401 मतों से जीत दर्ज की। अरविंद की जीत पर भाजपाइयों ने ढोल नगाड़े बजाकर खुशी मनाई।