शाहजहांपुर में धनतेरस पर खरीदारी के लिए शहर के बाजार पूरी तरह सज गए हैं। सराफा बाजार से लेकर बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े, फर्नीचर और सजावटी सामान की दुकानों पर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। दुकानदारों को इस बार अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
शहर के सदर बाजार, चौक, बहादुरगंज, केरूगंज, जलालनगर समेत प्रमुख बाजारों में दुकानदारों ने अपनी दुकानों को आकर्षक तरीके से सजाया है। सराफा कारोबारियों ने सोने-चांदी के आभूषणों के साथ सिक्कों और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों का स्टॉक तैयार किया है। वहीं, बर्तन की दुकानों पर पीतल, तांबा और स्टील के बर्तनों की कई वैरायटी उपलब्ध हैं। डिनर सेट भी उपलब्ध हैं।
धनतेरस पर बर्तन और सोने-चांदी की खरीदारी को शुभ माना जाता है। इसी को देखते हुए बाजार में चांदी के सिक्के, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और पूजा सामग्री की मांग बढ़ने की उम्मीद है। इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में एलईडी टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, मोबाइल और अन्य घरेलू उपकरणों की खरीदारी को लेकर दुकानदारों ने विशेष ऑफर दिए हैं। वाहन एजेंसियों पर भी दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बुकिंग की जा रही है।
इन बाजारों में रहेगी अधिक रौनक
धनतेरस पर सराफा और बर्तन बाजार के अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल, कपड़ा, मिठाई, फर्नीचर और सजावटी सामान की दुकानों पर भी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। घरों को सजाने के लिए झालर, रंगीन लाइट, दीये, मोमबत्ती और पूजन सामग्री की दुकानों पर भी खरीदारी होगी। मिठाई और ड्राई फ्रूट की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है।