शाहजहांपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण-2020 के तहत चार से 31 जनवरी तक किए गए सिटीजन फीडबैक में शाहजहांपुर ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया गया। यह रैंक 10 लाख की आबादी वाले शहरों में रही है। जोकि नगर निगम की एक बड़ी उपलब्धि है।
स्वच्छ भारत मिशन शहरी के तहत देश भर के शहरों की स्वच्छता रैकिंग को सुधारने के लिए सर्वेक्षण कराया गया। जिसमें शहरवासियों का फीडबैक सबसे अहम है। इसके लिए नगर निगम की ओर से स्वच्छता अभियान चलाने के साथ ही लोगों को सफाई रखने के लिए प्रेरित किया। सड़कों से कूड़ा उठवाने की व्यवस्था को दुरुस्त कराया गया। इसके बाद जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए गए और लोगों के मोबाइल में एप डाउनलोड कराने के साथ ही फीडबैक लिया गया। सर्वेक्षण के जिला समन्वयक विनय प्रताप सिंह ने बताया कि 1.40 लाख लोगों ने अपना फीडबैक दिया। जिसकी बदौलत शाहजहांपुर को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने सभी नागरिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संगठनों, स्कूल, कॉलेजों के अध्यापकों व छात्र-छात्राओं का इस योगदान के लिए आभार जताया है।