शहीद फाउंडेशन के तत्वावधान में अमर शहीद पं. राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और ठाकुर रोशन सिंह का शहीद दिवस मनाया गया। शहीद अशफाक उल्ला खां की मजार परिसर में हुए श्रद्धांजलि समारोह में सपा जिलाध्यक्ष एवं चेयरमैन तनवीर खां ने कहा कि आजादी की लड़ाई में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले जांबाजों को यह देश कभी नहीं भुला सकता। उनकी बदौलत ही हम सब आज आजाद देश के खुशनुमा माहौल में सांसें ले रहे हैं।
डीएम शुभ्रा सक्सेना ने कहा कि बलिदान दिवस पर ही नहीं, हमें अपने शहीदों को प्रतिदिन याद करना चाहिए क्योंकि उनकी कुर्बानियों से ही हमें अपने अधिकारों के साथ जीने का मौका मिला है। उन्होंने आमजन से अपील की कि सभी आपसी सद्भाव के साथ अच्छा नागरिक बनने की कोशिश करें ताकि अशफाक-बिस्मिल की साझी शहादत-बिरासत कायम रह सके।
इससे पूर्व अतिथियों समेत अन्य गणमान्यों ने अशफाक उल्ला खां की मजार पर गुलपोशी और चादरपोशी की। डीएम ने ठाकुर रोशन सिंह के प्रपौत्र प्रियांशु प्रताप सिंह, चेयरमैन ने अशफाक उल्ला खां के प्रपौत्र शादाब उल्ला खां को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया।
डॉ. सुरेश चंद्र मिश्र के संचालन में हुए श्रद्धांजलि कार्यक्रम में संस्थाध्यक्ष आरिफ सिद्दीकी, रामचंद्र सिंघल, मो. इरफान, आेंकार मनीषी, सरदार शर्मा, ओरीलाल, हामिद फरीदी, मो. नदीम, फरहान सिद्दीकी समेत बड़ी संख्या में गणमान्य मौजूद रहे।े