शाहजहांपुर में कैंट स्थित मैदान पर गेंदबाजी और बल्लेबाजी करते खिलाड़ी। संवाद
शाहजहांपुर। कैंट स्थित मैदान पर खेले गए क्रिकेट मैच में शाह क्लब रेड ने शानदार गेंदबाजी और बल्लेबाजी के दम पर शाह क्लब की टीम को दो विकेट से हरा दिया। गेंद और बल्ले दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले अनुज प्रताप सिंह जीत के नायक रहे।
पहले बल्लेबाजी करते हुए शाह क्लब की टीम 114 रन पर ऑलआउट हो गई। अनुज यादव ने 23 रन बनाकर टीम के लिए सर्वाधिक योगदान दिया। विकास ने 21 और अचल ने 18 रन बनाए। शाह क्लब रेड की ओर से गेंदबाजी करते हुए अनुज प्रताप सिंह ने पांच ओवर में चार विकेट हासिल किए। सुधीर, आयुष वर्मा और अमन सक्सेना ने दो-दो विकेट चटकाकर विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी शाह क्लब रेड की शुरुआत भी बहुत अच्छी नहीं रही, लेकिन अनुज प्रताप सिंह ने मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने महज 33 गेंदों पर 78 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी पारी में 10 छक्के और तीन चौके शामिल रहे। हालांकि उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। इसके बावजूद शाह क्लब रेड ने आठ विकेट खोकर 117 रन बनाते हुए दो विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। वरिष्ठ खिलाड़ी अभय सिंह गुर्जर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।